नई दिल्ली : कुख्यात गैंगस्टर कपिल सांगवान उर्फ नंदू को कोर्ट से पैरोल मिलने की खुशी में गैंग के गुर्गे पार्टी के लिए नजफगढ़ में एक घर के अंदर जमा हो गए। सोमवार देर रात क्राइम ब्रांच की टीम को इसकी भनक लग गई। फिर क्या था, पुलिस टीम ने बिना देरी किए रेड कर मौके से गिरोह के 15 लोगों को दबोच लिया। सूत्रों की माने तो पार्टी में स्पेशल सेल के दो सिपाही भी पहुंचे हुए थे। मगर एडिशनल सीपी डॉ. एके सिंघला ने इस तरह की बात से साफ इंकार किया है।
पुलिस को आरोपियों के पास से नौ पिस्टल और 65 कारतूस मिले हैं। आरोपियों को एसीपी मनोज पंत की टीम ने गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में 12 बदमाशों का पुराना अपराधिक रिकॉर्ड है, जबकि इनमें तीन पहली बार पकड़े गए हैं। आरोपियों की पहचान विनीत, वासुदेव, नवीन, शाहबाद, सचिन, आभिषेक, राहुल, सुरेन्द्र कुमार, चिराग, परमजीत, रोहित, दीपक, प्रदीप सहरावत, नवीन, निशांत डागर और विक्की डागर के रूप में हुई। स्पेशल सीपी डॉ. सिंगला ने बताया कि गत 24 जून की रात क्राइम ब्रांच की टीम ने कपिल सांगवान गैंग के बदमाश गोयला डेयरी नजफगढ़ स्थित एक घर पर पार्टी कर रहे बदमाशों को गिरफ्तार किया गया।
पुलिसकर्मी भी घायल
रेड के दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम पर चाकू से हमला कर दिया। जिसमें एएसआई जयवीर के हाथ में चाकू भी लग गया। पुलिस ने गिरफ्तार सभी बदमाशों के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है।
कुख्यात गैंगस्टर है कपिल सांगवान
पुलिस के मुताबिक कपिल सांगवान कुख्यात गैंगस्टर है। उस पर हत्या, हत्या की कोशिश, वसूली, अवैध हथियार रखने सम्बंधी कई मुकदमें दिल्ली और हरियाणा में दर्ज है। वह वर्ष 2016 से जेल में बंद था। सोमवार को ही वह पैरोल पर जेल से छूटकर बाहर आया था। इसी खुशी में उसके गुर्गों ने पार्टी आयोजित की थी।
रेकी के लिए गए थे सेल के दो बंदे… सूत्रों की माने तो रेड करने पहुंची पुलिस टीम ने पूरे जिगरे के साथ बदमाशों पर धावा बोला। उनके पास हथियार थे और नशे में धुत बदमाश पुलिस टीम पर फायरिंग भी कर सकते थे। मगर भगदड़ के बीच पुलिस ने सबको दबोचा और उनके हथियार कब्जे में ले लिए। सूत्रों की मानें तो दो सेल के बंदे भी वहां रेकी के लिए आए हुए थे। उस वक्त पुलिस ने उन्हें भी बदमाश समझकर उठा लिया था।


Download Android App
Download iOS App



