नई दिल्ली : दिल्ली में न्यूनतम तापमान शुक्रवार को 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो कि सामान्य से दो डिग्री कम रहा। दिल्ली में सबसे कम न्यूनतम तापमान मुंगेशपुर में 4 डिग्री रहा। दिन के समय सफदरजंग केन्द्र पर 28 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चली। वहीं पालम केन्द्र पर सुबह दृश्यता शून्य तो सफदरजंग पर 400 मीटर तक की दृश्यता रही।
हवाई अड्डे पर कोहरे के कारण पांच फ्लाइट को शुक्रवार को सुबह साढ़े 5 बजे से 10 बजकर 20 मिनट के बीच डायवर्ट किया गया। इस कारण फ्लाइट की उड़ान प्रभावित रही और गिनी-चुनी फ्लाइट एयरपोर्ट पर लैंड कर सकीं। मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को मध्यम से घना कोहरा पड़ने की संभावना बन रही है।
आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे जिसके बाद धुंध रहेगी। 20 जनवरी को भी कोहरा पड़ेगा और धुंध रहेगी। 21 जनवरी को आसमान में बादल छाए रहेंगे और दोपहर के बाद या शाम के समय हल्की से मध्यम वर्षा या गर्जन के साथ बारिश पड़ने की संभावना बनेगी। इस दौरान कहीं-कहीं ओलावृष्टि भी हो सकती है।
22 जनवरी को भी यही स्थिति बनी रहेगी। 19 से 22 जनवरी के बीच सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ 21 जनवरी को उत्तर पश्चिमी भारत के हिस्सों को पूरी तरह से प्रभावित करेगा। 20 से 22 जनवरी के बीच जम्मू-कश्मीर, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में बारिश और बर्फबारी हो सकती है। इस दौरान दिल्ली, पंजाब, चंडीगढ़, हरियाणा और उत्तर प्रदेश में 21 से 22 जनवरी को 25 से 30 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से हवा चलेगी।


Download Android App
Download iOS App



