नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो से यात्रा करने वाले लोगों को 26 जनवरी तक घर से कुछ पहले निकलना होगा। दरअसल गणतंत्र दिवस की सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली मेट्रो ने सुरक्षा जांच को और मजबूत कर दिया है। साथ ही जांच के दौरान सख्ती भी बढ़ा दी है। दिल्ली मेट्रो ने ट्विटर हैंडल के माध्यम से अपील की है कि सभी मेट्रो स्टेशनों पर सुरक्षा उपायों को मजबूत किया गया है।
हम सभी यात्रियों से जांच के दौरान सुरक्षा कर्मचारियों के साथ सहयोग करने की अपील करते हैं। साथ ही दैनिक आवागमन के अपेक्षा इन दिनों अतिरिक्त समय ले कर चलने का अनुरोध करते हैं। वहीं मेट्रो अधिकारी ने बताया कि 26 जनवरी को देखते हुए जांच को और सख्त किया गया है। सीआईएसएफ कर्मियों को निर्देश दिया है कि किसी भी संदिग्ध व्यक्ति को मेट्रो में न जाने दे।
खुफिया विभाग की सूचना है कि इन दिनों कुछ लोग नुकसान पहुंचाने की कोशिश कर सकते है। उन्होंने कहा कि जांच के दौरान सामान्य दिनों की अपेक्षा कुछ ज्यादा समय लग सकता है। ऐसे में लोगों को पहले ही व्यवस्था करके चलनी चाहिए। बता दें कि दिल्ली मेट्रो से रोजाना 29 लाख के करीब लोग यात्रा करते हैं। सामान्य दिनों में पीक आवर के दौरान जांच में काफी समय लगता है, जो अब और बढ़ जाएगा।
गणतंत्र दिवस को देखते हुए दिल्ली मेट्रो के अलावा एयरपोर्ट, रेलवे स्टेशन, बस अड्डे, बड़े बाजार सहित अन्य जगहों पर सुरक्षा बढ़ा दी है। साथ ही दिल्ली पुलिस ने अपील जारी की है कि संदिग्ध वस्तुओं से दूर रहे। यदि ऐसी किसी वस्तु पर संदेह होता है तो तुरंत पुलिस को सूचना दें।


Download Android App
Download iOS App



