पूर्व रूममेट को डराने के लिए UPSC अभ्यर्थी ने रचा पाकिस्तानी आतंकी कनेक्शन का नाटक, गिरफ्तार

Summary :

Delhi Crime News : पूर्व रूममेट को डराने के लिए एक युवक ने ऐसा नाटक रचा कि दिल्ली में बम धमाके की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। आरोपी ने फोन पर खुद को लाहौर (पाकिस्तान) के एक संगठन से जुड़ा बताया और दिल्ली में बम धमाके करने की धमकी दी। हालांकि, उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने महज 48 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी कोई आतंकी नहीं, बल्कि यूपीएससी की तैयारी करने वाला 23 वर्षीय…

Delhi Crime News : पूर्व रूममेट को डराने के लिए एक युवक ने ऐसा नाटक रचा कि दिल्ली में बम धमाके की धमकी मिलने के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट हो गईं। आरोपी ने फोन पर खुद को लाहौर (पाकिस्तान) के एक संगठन से जुड़ा बताया और दिल्ली में बम धमाके करने की धमकी दी।

हालांकि, उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस की मुखर्जी नगर थाना पुलिस ने महज 48 घंटे में मामले का खुलासा करते हुए आरोपी को कानपुर से गिरफ्तार कर लिया। हैरानी की बात यह है कि आरोपी कोई आतंकी नहीं, बल्कि यूपीएससी की तैयारी करने वाला 23 वर्षीय युवक निकला। उसकी पहचान औरैया निवासी सूरज वर्मा के रूप में हुई है। डीसीपी आकांक्षा यादव ने बताया कि एएसआई चंद्र सिंह, हेड कांस्टेबल मदन लाल, श्रवण की टीम ने आरोपी को पकड़ा है।

पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर की रात मुखर्जी नगर थाने में इंद्रा विकास कॉलोनी निवासी सुमन कुमार की ओर से धमकी भरे फोन की पीसीआर कॉल मिली थी। बिहार के मधेपुरा निवासी सुमन सिविल सेवा परीक्षा की तैयारी कर रहा है। उसने बताया कि उसके रूममेट रोहित कुमार के मोबाइल पर अज्ञात लैंडलाइन नंबर से फोन आया था। कॉल करने वाले ने खुद को लाहौर स्थित संगठन से जुड़ा बताते हुए दिल्ली में बम धमाके करने की बात कही थी। उसने राजनीतिक टिप्पणियां भी की थीं।

रिश्तेदार के घर से किया फोन

पुलिस के अनुसार, पुलिस ने तकनीकी जांच के जरिए लैंडलाइन नंबर का पता लगाया, जो कानपुर का निकला। स्थानीय पुलिस की मदद से छापेमारी कर सूरज वर्मा को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने बताया कि वह पहले मुखर्जी नगर की उसी बिल्डिंग में रहता था, जहां शिकायतकर्ता और उसका रूममेट रहते थे। पूर्व रूममेट के साथ मजाक करने और उसे डराने के लिए उसने रिश्तेदार के घर से लैंडलाइन पर फोन किया था। आवाज बदलकर पाकिस्तानी संगठन से जुड़ा होने का नाटक किया, ताकि धमकी असली लगे।

 

Sumant Chaudhary