Delhi News : सफदरजंग एन्क्लेव स्थित दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल में शुक्रवार को भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में दिल्ली के उपराज्यपाल तरनजीत सिंह संधू मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए, जबकि दिल्ली पुलिस आयुक्त अनुराग कुमार विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे। इस दौरान स्पेशल सीपी जोन-1 देवेश चंद्र श्रीवास्तवसहित वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौजूद रहें।
इस दौरान मेधावी विद्यार्थियों को उनकी उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। समारोह का खास आकर्षण उपराज्यपाल और विद्यार्थियों के बीच हुआ सीधा संवाद रहा। बच्चों ने एलजी संधू से अलग-अलग विषयों पर कई सवाल पूछे। उन्होंने भी सभी सवालों के जवाब सहज अंदाज में दिए और विद्यार्थियों को मेहनत, लगन और सकारात्मक सोच के साथ अपने लक्ष्य की ओर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपनी कला और हुनर से सभी का दिल जीत लिया। दिल्ली के इतिहास पर आधारित दस्तानगोई की प्रस्तुति के जरिए राजधानी के गौरवशाली अतीत को रोचक अंदाज में पेश किया गया। वहीं, बच्चों की आदि योगी प्रस्तुति, स्कूल कॉयर की संगीतमय प्रस्तुति और शास्त्रीय नृत्य के साथ फ्यूजन डांस ने समारोह में चार चांद लगा दिए। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर पूरा सभागार तालियों से गूंज उठा।
इस मौके पर स्कूल की ई-मैगजीन ‘साहस’ का पहली बार डिजिटल रूप में शुभारंभ किया गया। यह मैगजीन विद्यार्थियों की रचनात्मकता, लेखन और विचारों को सामने लाने का नया मंच बनेगी। उपराज्यपाल ने बच्चों के सवालों और उनकी सोच की सराहना की। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने और देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया।


Download Android App
Download iOS App




