सड़क हादसा : एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन व उनकी पत्नी की मौत

Summary :

तेज रफ्तार में कार चला रहे एक बीबीए के छात्र ने द्वारका सेक्टर-7 इलाके में सड़क पार कर रहे एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन और उनकी पत्नी को उनके अपार्टमेंट के सामने ही जोरदार टक्कर मार दी।

दक्षिणी दिल्ली : देर रात तेज रफ्तार में कार चला रहे एक बीबीए के छात्र ने द्वारका सेक्टर-7 इलाके में सड़क पार कर रहे एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन और उनकी पत्नी को उनके अपार्टमेंट के सामने ही जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद रुकने की बजाए आरोपी मौके से कार लेकर फरार हो गया। उधर, हादसे के बाद मौके पर मौजूद राहगीरों ने पूर्व ग्रुप कैप्टन और उनकी पत्नी को गंभीर अवस्था में इलाज के लिए पास के अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने पूर्व ग्रुप कैप्टन को मृत घोषित कर दिया। 
जबकि उनकी पत्नी ने दो दिनों तक अस्पताल में चले इलाज के दौरान शुक्रवार को दम तोड़ दिया। उधर, हादसे की सूचना के आधार पर पुलिस ने छानबीन शुरू की और रात में ही कड़ी से कड़ी जोड़कर और आरोपी के बारे में कई ठिकानों से जानकारी जुटाकर पुलिस ने आरोपी को उसके घर से दबोचकर कार जब्त कर लिया। आरोपी कार चालक की पहचान यतिन (20) के तौर पर की गई है, जो विकासपुरी में रहता है।
पार्टी से लौटे थे दम्पति…
पुलिस के एक अधिकारी ने मृतक की पहचान एयरफोर्स के पूर्व ग्रुप कैप्टन 69 वर्षीय अमरदीप सिंह और उनकी पत्नी रजनी के तौर पर की गई है। दोनों द्वारका सेक्टर-7 इलाके में स्थित एयरफोर्स अपार्टमेंट में रहते थे। घटना गत 25 दिसम्बर की रात की बताई जा रही है, जिस दिन दोनों पति-पत्नी अपने एक रिश्तेदार के घर पर पार्टी में गए हुए थे। 
रात करीब सवा बारह बजे के आसपास दोनों कैब से एयरपोर्ट अपार्टमेंट के सामने सड़क किनारे उतरे, फिर साथ में ही सड़क पार करने लगे। तभी तेज रफ्तार में कार से आ रहे यतिन ने कार से दोनों को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से पति-पत्नी उछलकर दूर जा गिरे, जिससे दोनों को गंभीर चोट आई। उधर, टक्कर के बाद आरोपी कार लेकर मौके से फरार हो गया। 
अपार्टमेंट के सुरक्षाकर्मी और अन्य राहगिरों ने बुजुर्ग दम्पत्ति को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने अमरदीप को मृत घोषित कर दिया। जबकि रजनी का आईसीयू में दो दिन चले इलाज के बाद शुक्रवार को अस्पताल में मौत हो गई।
राहगीर ने कार का नंबर किया नोट
पुलिस सूत्रों ने घटना के दौरान यतिन की कार के साथ-साथ चल रहे एक अन्य कार चालक ने हादसे के बाद भाग रहे आरोपी की कार का काफी दूर तक पीछा किया और उसके कार का नंबर नोट कर मामले की जानकारी पुलिस को दी। उधर, दुर्घटनाग्रस्त कार का बोनट देखने के बाद एक पुलिसकर्मी कांस्टेबल विकास ने भी कार का नंबर नोट कर लिया था।
लंबी तफ्तीश के बाद चला पता
कार के नंबर के आधार पर जब पुलिस ने कार की तलाश शुरू की तो पता चला कि कार सुभाष पैलेस स्थित एक कम्पनी के नाम पर रजिस्टर है। पुलिस को पता चला कि कम्पनी ने एक ब्रोकर को 2014 में ही बेच दिया था। पुलिस जब उस ब्रोकर के पास पहुंची तो उसने यतिन का पता बताया, जिसके बाद विकासपुरी इलाके में यतिन को उसके घर से पुलिस ने दबोच लिया।
दूसरी शादी….
सूत्रों की मानें तो मृतक अमरदीप सिंह की रजनी के साथ दूसरी शादी हुई थी। उनकी पहली पत्नी से दो बच्चे हैं, जो परिवार के साथ कनाडा में शिफ्ट हो चुके हैं। जबकि रजनी से शादी के बाद अमरदीप सिंह द्वारका सेक्टर-7 में एयरफोर्स अपार्टमेंट में रह रहे थे।

Desk Team