Action Against Miscreants Under Operation Shastra : स्वतंत्रता दिवस से पहले रोहिणी जिला पुलिस ने अपराधियों और असामाजिक तत्वों के खिलाफ ऑपरेशन शस्त्र तेज कर दिया है। जिलेभर में चलाए गए विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने अलग-अलग मामलों में 41 केस दर्ज कर 52 लोगों को पकड़ा। कार्रवाई के दौरान पुलिस ने बड़ी संख्या में अवैध हथियार और मादक पदार्थ बरामद किए हैं। इनमें 15 अवैध आग्नेयास्त्र, 26 जिंदा कारतूस और 9 बटनदार चाकू शामिल हैं। स्पेशल सीपी देवेश चंद्र श्रीवास्तव के मार्गदर्शन ज्याइंट सीपी विजय सिंह की देखरेख में डीसीपी शशांक जायसवाल और एडिशनल डीसीपी सतीश कुमार के नेतृत्व की टीम ने यह कार्रवाई की है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि स्वतंत्रता दिवस के मद्देनजर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने और स्ट्रीट क्राइम पर लगाम लगाने के लिए सभी थाना क्षेत्रों में गश्त, चेकिंग, छापेमारी और संदिग्ध लोगों की निगरानी बढ़ाई गई। खासतौर पर अवैध हथियार रखने वालों, आदतन अपराधियों, घोषित बदमाशों, हिस्ट्रीशीटरों और गैंग से जुड़े लोगों पर नजर रखी गई। अभियान के दौरान दर्ज मामलों में 20 आर्म्स एक्ट, 9 आबकारी अधिनियम, 8 जुआ अधिनियम और 4 एनडीपीएस एक्ट के मामले शामिल हैं। आर्म्स एक्ट की कार्रवाई में 15 अवैध हथियारों के अलावा तीन खाली मैगजीन, एक मोटरसाइकिल, एक चोरी की स्कूटी और तीन मोबाइल फोन बरामद किए गए।
नशे के खिलाफ भी बड़ी कार्रवाई
पुलिस ने आबकारी अधिनियम के तहत कार्रवाई करते हुए 18,153 क्वार्टर अवैध शराब बरामद की। इसके अलावा एक कार और दो टेंपो भी जब्त किए गए। वहीं एनडीपीएस एक्ट के मामलों में 779 ग्राम हेरोइन और 15.701 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस तक अभियान को और तेज किया जाएगा। संवेदनशील इलाकों में लगातार चेकिंग और निगरानी के साथ संदिग्ध गतिविधियों पर तत्काल कार्रवाई की जा रही है। अभियान का उद्देश्य राजधानी में किसी भी आपराधिक या असामाजिक गतिविधि को रोकना और स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता रखना है।


Download Android App
Download iOS App




