गांधी जयंती मेले में रूसी राजदूत ने महापौर संग चलाया चरखा

Summary :

Delhi Municipal Corporation : दिल्ली नगर निगम ने गुरुवार को सिविक सेंटर में महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में गांधी जयंती मेले का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार के साथ चरखा चलाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत के नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के हैं। सत्य, अहिंसा और मानवीय गरिमा का उनका संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है। इस दौरान गांधी और रूसी साहित्यकार व दार्शनिक लियो टॉलस्टॉय…

Delhi Municipal Corporation : दिल्ली नगर निगम ने गुरुवार को सिविक सेंटर में महात्मा गांधी की 157वीं जयंती के उपलक्ष्य में गांधी जयंती मेले का आयोजन किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि भारत में रूस के राजदूत डेनिस अलीपोव ने महापौर प्रवेश वाही और निगम आयुक्त संजीव खिरवार के साथ चरखा चलाकर महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि दी। रूसी राजदूत डेनिस अलीपोव ने कहा कि महात्मा गांधी केवल भारत के नहीं, बल्कि पूरी दुनिया के हैं। सत्य, अहिंसा और मानवीय गरिमा का उनका संदेश आज भी पूरी दुनिया के लिए प्रासंगिक है।

इस दौरान गांधी और रूसी साहित्यकार व दार्शनिक लियो टॉलस्टॉय से संबंधित चित्र प्रदर्शनी भी लगाई गई। महापौर प्रवेश वाही ने कहा कि गांधी ने सत्य और अहिंसा का रास्ता दिखाया और स्वदेशी व स्वराज के उनके विचार आज भी प्रेरणा देते हैं। उन्होंने कहा कि गांधी जयंती पर समाज के प्रत्येक व्यक्ति तक शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाएं पहुंचाने का संकल्प लिया जाना चाहिए।

मेले में निगम के जन स्वास्थ्य सहित विभिन्न विभागों, गैर सरकारी संस्थाओं और महिला सहायता समूहों ने स्टॉल लगाए। जन स्वास्थ्य विभाग ने एनीमिया, टीकाकरण, गर्भावस्था के दौरान पोषण तथा मच्छर और जलजनित बीमारियों से बचाव की जानकारी दी। निगम स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने केदारनाथ साहनी सभागार में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए। कार्यक्रम में स्थायी समिति अध्यक्ष सत्या शर्मा, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, शिक्षा समिति अध्यक्ष योगेश वर्मा सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

Sumant Chaudhary