प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सेवा और ग्राम विकास के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) की ओर से आयोजित ‘वडनगर से वाराणसी सेवा संकल्प यात्रा’ अमरावती जिले के मोझरी पहुंची। राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज के गुरुकुंज आश्रम में भाजपा महाराष्ट्र प्रदेश अध्यक्ष रविंद्र चव्हाण की प्रमुख उपस्थिति में यात्रा का स्वागत किया गया। इस अवसर पर रविंद्र चव्हाण ने राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज की समाधि और गादी का दर्शन किया। उन्होंने यात्रा में शामिल पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं का भी स्वागत किया।
वृक्षारोपण से हुई कार्यक्रम की शुरुआत
गुरुकुंज आश्रम में यात्रा के अवसर पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत वृक्षारोपण से हुई। इसके बाद सफाई कर्मचारियों का सम्मान किया गया और विद्यार्थियों को शैक्षणिक सामग्री वितरित की गई। आयोजकों के अनुसार, इन गतिविधियों के माध्यम से सेवा, सामाजिक हित और ग्राम विकास का संदेश व्यवहारिक रूप से देने का प्रयास किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रविंद्र चव्हाण ने कहा कि राष्ट्रसंत तुकडोजी महाराज ने अपने लेखन और कार्यों के माध्यम से जनसहभागिता के जरिए ग्रामोन्नति का विचार समाज के सामने रखा। उन्होंने कहा कि इसी विचार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के लिए सक्रिय रूप से कार्य करने का आह्वान भी किया।
बड़ी संख्या में पदाधिकारी और कार्यकर्ता रहे मौजूद
कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश महासचिव एवं विधायक डॉ. संजय कुटे, सांसद डॉ. अनिल बोंडे, भाजयुमो अध्यक्ष कृष्णराज महाडिक, भाजपा अमरावती ग्रामीण मोर्शी जिलाध्यक्ष विधायक प्रताप अडसड, विधायक राजेश वानखड़े, विधायक चंदू यावलकर, भाजपा अमरावती ग्रामीण मेलघाट जिलाध्यक्ष प्रभुदास भिलावेकर, अमरावती महानगर जिलाध्यक्ष डॉ. नितिन धांडे सहित बड़ी संख्या में भाजपा और भाजयुमो के पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे। इस दौरान भाजयुमो अमरावती ग्रामीण मोर्शी जिलाध्यक्ष सचिन इंगले, नितिन गुढदे, आरती वानखड़े, जयंत डेहनकर, किरण पातुरकर, बादल कुलकर्णी, चेतन गावंडे, डॉ. संगीता शिंदे और चंद्रशेखर भोयर सहित अन्य पदाधिकारी एवं कार्यकर्ताओं ने भी सहभागिता की।


Download Android App
Download iOS App




