स्वतंत्रता संग्राम की गौरव गाथा दिखाएगी विशेष मेट्रो ट्रेन

Summary :

Union Minister Inaugurated The Special Metro Train : केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को सेंट्रल सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम की थीम पर आधारित एक विशेष मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन को स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और आजादी के आंदोलन से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों के जीवन, विचारों और योगदान को प्रदर्शित करने के लिए सजाया गया है। इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह पहल मेट्रो यात्रियों को देश के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय नायकों के बलिदान से परिचित कराने का अनूठा…

Union Minister Inaugurated The Special Metro Train : केंद्रीय ग्रामीण विकास तथा कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने गुरुवार को सेंट्रल सचिवालय मेट्रो स्टेशन पर भारत के स्वतंत्रता संग्राम की थीम पर आधारित एक विशेष मेट्रो ट्रेन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। ट्रेन को स्वतंत्रता सेनानियों, क्रांतिकारियों और आजादी के आंदोलन से जुड़े प्रमुख व्यक्तित्वों के जीवन, विचारों और योगदान को प्रदर्शित करने के लिए सजाया गया है।

इस अवसर पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि यह पहल मेट्रो यात्रियों को देश के स्वतंत्रता आंदोलन और राष्ट्रीय नायकों के बलिदान से परिचित कराने का अनूठा माध्यम बनेगी। उन्होंने कहा कि रोजाना मेट्रो से सफर करने वाले लाखों यात्रियों, विशेषकर युवाओं को देश के गौरवशाली इतिहास को करीब से जानने और स्वतंत्रता सेनानियों के साहस व देशभक्ति से प्रेरणा लेने का अवसर मिलेगा।

शहीदों को दी श्रद्धांजलि

विशेष मेट्रो ट्रेन के शुभारंभ के दौरान चौहान ने शहीदों और क्रांतिकारियों को श्रद्धांजलि अर्पित की। ट्रेन पर देशभक्ति से ओत-प्रोत पंक्तियां लिखी गई हैं, जिनमें “हर साल शहीदों की चिताओं पर मेले लगेंगे” भी शामिल है। उन्होंने कहा कि देश के लिए अपना सर्वस्व न्योछावर करने वाले शहीदों का त्याग आने वाली पीढ़ियों के लिए हमेशा प्रेरणा का स्रोत रहेगा। चौहान ने इस पहल के लिए प्रभात प्रकाशन, दिल्ली मेट्रो के प्रबंध निदेशक और पूरी मेट्रो टीम का आभार जताया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता आंदोलन की प्रेरक कहानियों को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए किए जा रहे ऐसे प्रयास सराहनीय हैं।

मेट्रो की यात्रा पर आधारित पुस्तकें भी प्रदर्शित

कार्यक्रम के दौरान प्रभात प्रकाशन की ओर से चौहान को ‘अपनापन’ सहित विभिन्न पुस्तकें भेंट की गईं। साथ ही दिल्ली मेट्रो की यात्रा और विकास की कहानी को दर्शाने वाली पुस्तकों का भी प्रदर्शन किया गया। चौहान ने कहा कि इतिहास को केवल किताबों तक सीमित रखने के बजाय उसे आम जनजीवन से जोड़ना जरूरी है। ऐसी रचनात्मक पहल से स्वतंत्रता संग्राम की गौरवगाथा लोगों तक पहुंचेगी और युवाओं में राष्ट्रभक्ति की भावना मजबूत होगी।

Sumant Chaudhary