दिल्ली में हाल में हुए नगर निगम चुनावों के लिए लागू आदर्श आचार संहिता (एमसीसी) को हटा लिया गया है। राज्य निर्वाचन आयोग (एसईसी) ने सोमवार को यह जानकारी दी।बता दें कि एसईसी के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा कि यह निर्णय ‘‘चुनाव प्रक्रिया समाप्त हो जाने’’ के मद्देनजर लिया गया है। राज्य निर्वाचन आयुक्त विजय देव ने चार नवंबर को संवाददाता सम्मेलन में चुनाव के कार्यक्रम की घोषणा की थी। चार दिसंबर को मतदान हुआ था जबकि मतगणना सात दिसंबर को हुई थी।
MCD के संबंध में परिणाम की घोषणा हो चुकी है
एसईसी ने दिल्ली के मुख्य सचिव और अन्य अधिकारियों को भेजे एक पत्र में कहा कि आदर्श आचार संहिता के प्रावधान राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की तारीख से लागू होते हैं और यह चुनाव प्रक्रिया पूरी होने तक लागू रहता है। बारह दिसंबर के एक पत्र में कहा गया है, ‘‘दिल्ली नगर निगम के संबंध में परिणाम की घोषणा हो चुकी है, ऐसे में चार नवंबर से प्रभावी आदर्श आचार संहिता, दिल्ली में तत्काल प्रभाव से हटाई जाती है।’’
दिल्ली सरकार की रुकी हुई परियोजनाएं फिर से शुरू
आम आदमी पार्टी (आप) ने 134 वार्ड में जीत हासिल करने के साथ दिल्ली नगर निगम पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के 15 साल के शासन को समाप्त कर दिया। भाजपा 104 वार्ड में जीत के साथ दूसरे स्थान पर रही।आदर्श आचार संहिता के हटने से, दिल्ली सरकार की रुकी हुई परियोजनाएं फिर से शुरू हो जाएंगी और सरकार महत्वपूर्ण बैठकें कर सकेगी। सरकार अब ‘दिल्ली शॉपिंग फेस्टिवल’ और ‘दिल्ली अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव’ की मेजबानी की योजना पर आगे बढ़ेगी।


Download Android App
Download iOS App



