Delhi-NCR में आंधी-तूफान का कहर, मौसम विभाग ने दी चेतावनी

Summary :

तेज हवाओं और बारिश से दिल्ली में उड़ानें प्रभावित

दिल्ली-एनसीआर में आंधी-तूफान ने शुक्रवार को भारी तबाही मचाई, जिससे कई लोगों की मौत और घायल होने की पुष्टि हुई है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले कुछ दिनों तक गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ बारिश जारी रह सकती है। प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और घर के अंदर रहने की अपील की है।

दिल्ली, एनसीआर और उत्तर भारत के कई इलाकों में शुक्रवार को आंधी-तूफान ने व्यापक तबाही मचाई। तेज हवाओं और गरज के साथ हुई बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। इस भीषण तूफान में अब तक कई लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। राजधानी दिल्ली में सैकड़ों पेड़ उखड़ गए, बिजली के खंभे गिर गए और सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। इसके अलावा, इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 200 से अधिक उड़ानें या तो रद्द की गईं या फिर घंटों देरी से चलीं, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार, यह मौसम का बदलाव पश्चिमी विक्षोभ के कारण आया है, जिससे तेज़ हवाओं के साथ गरज-चमक और बारिश की स्थिति बनी हुई है। आज, 3 मई को दिल्ली का न्यूनतम तापमान 19 डिग्री सेल्सियस जबकि अधिकतम तापमान 34 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

दिल्ली में 1901 के बाद दूसरी सबसे भारी बारिश, तापमान गिरा

विभाग ने चेतावनी दी है कि आज भी दिल्ली और आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ बारिश और तेज हवाएं चलने की संभावना है। आगामी दिनों में भी मौसम का यही मिजाज बना रह सकता है। 4 मई से 6 मई तक हर दिन तापमान 35 डिग्री सेल्सियस तक पहुंचने की संभावना है, और इन दिनों भी “थंडरस्टॉर्म विद रेन” की चेतावनी दी गई है। 7 और 8 मई को भी बादल छाए रहेंगे और इस दिन भी बारिश होने की आशंका जताई गई है।

आईएमडी की रिपोर्ट के अनुसार, अगले कुछ दिन राहत के नहीं होंगे और जनता को सतर्क रहने की आवश्यकता है। प्रशासन ने भी लोगों से अपील की है कि वे खराब मौसम के दौरान घर के अंदर रहें, पेड़ों और पुराने भवनों के पास खड़े न हों और मौसम से संबंधित अलर्ट पर ध्यान दें। जिला प्रशासन और यातायात पुलिस को भी हाई अलर्ट पर रखा गया है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.