दक्षिणी दिल्ली : जामिया इलाके में स्थानीय लोग व छात्रों का प्रदर्शन 24वें दिन भी जारी है। यहां पर रविवार को भारी संख्या में दिल्ली-एनसीआर के छात्र एकजुट हुए। इस दौरान शाम पांच बजे के करीब तिरंगा मार्च भी निकाला गया। इस मौके पर सभी के जुबान पर देशभक्ति गीत सुनने को मिल रहे थे। सारे जहां से अच्छा हिन्दोस्ता हमारा। इस बीच कुछ छात्रों द्वारा एक डिटेंशन सेंटर बनाया गया।
इसके बाद छात्रों ने खुद को डिटेंशन सेंटर में बंद कर प्रदर्शन किया। छात्रों का कहना था कि जो लोग अपनी नागरिकता सिद्ध नहीं कर पाएंगे। उन्हें केंद्र में बैठी मोदी सरकार डिटेंशन सेंटर में बंद कर देगी। इसलिए हम इसका विरोध कर रहे हैं। इस दौरान छात्रों को सपोर्ट करने के लिए कांग्रेस के प्रवक्ता गौरव वल्लभ जामिया पहुंचे। इस दौरान उन्होंने छात्रों को संबोधित किया। उन्होंने अपने चुटीले अंदाज से सरकार के केन्द्रीय मंत्रियों पर खूब निशाने साधे।
स्मृति ईरानी पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि एक दीदी जो खुद 1990 की दसवीं की मार्कशीट नहीं दिखा पाई और हमसे उम्मीद करती है कि हम 1971 के कागज दिखायें। सरकार द्वारा सीएए के समर्थन पर चलाये गये मिस्ड काल अभियान पर उन्होंने बोलते हुए कहा कि ये पहली बार है जब कानून बनने के बाद कोई सरकार उसके समर्थन में रैली करने की तैयारी कर रही है।


Download Android App
Download iOS App



