मेट्रो स्टेशन बन रहा सुसाइड स्पॉट

Summary :

पिछले दो दिनों में दो लोग मेट्रो के आगे कूद चुके हैं। इन दोनों घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है।

नई दिल्ली : दिल्ली मेट्रो स्टेशन एक बार फिर से सुसाइड स्पॉट की तरह उभर रहा है, पिछले दो दिनों में दो लोग मेट्रो के आगे कूद चुके हैं। इन दोनों घटनाओं में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया है। इससे पहले भी कई लोग कूद चुके हैं। जबकि कुछ स्टेशन पर ऊपर से नीचे कूदने की घटनाएं भी देखने को मिली हैं। इस संबंध में प्रशासन का कहना है कि ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए व्यवस्था की जा रही है।

सीआईपीएफ भी सर्तक रहती है लेकिन कुछ ऐसी घटनाएं होती हैं जिन्हें रोकना संभव नहीं। मेट्रो प्रशासन अपने स्तर पर हर संभव प्रयास कर रहा है लेकिन लोगों के सहयोग के बिना ऐसी घटनाओं को रोकना संभव नहीं। बता दें कि गुरुवार को जहांगीरपुरी मेट्रो स्टेशन पर दिल्ली पुलिस के एक एएसआई ने कूदकर अपनी जान दे दी थी। घटना के तुरंत बाद सुरक्षाकर्मियों ने उक्त पुलिसकर्मी को मेट्रो ट्रैक पर उठाकर तत्काल बीजेआरएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मेट्रो के सामने कूदा, पांव कटा
टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन पर शुक्रवार को एक युवा व्यापारी कारोबार में असफल होने पर मेट्रो के सामने कूद गया। इस घटना में युवक का दाहिना पैर टखना के पास से अलग हो गया। साथ ही उसके सिर और हाथ पर गंभीर चोट लगी है। घटना के बाद सीआईएसएफ और मेट्रोकर्मियों ने घायल युवक को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया।

यहां जांच के बाद पीड़ित ने बताया कि उसे कारोबार में काफी नुकसान हुआ था और परेशानी के कारण उसने यह कदम उठाया। पुलिस ने उसके परिवार वालों को घटना की जानकारी दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार शुक्रवार दोपहर एक बजे सूचना मिली कि टिकरी कलां मेट्रो स्टेशन के प्लेटफार्म संख्या एक पर युवक ने मेट्रो के सामने छलांग लगा दी है। सूचना मिलते ही मेट्रो पुलिस मौके पर पहुंची लेकिन तब तक सीआईएसएफ कर्मी और मेट्रो कर्मियों ने युवक को घायल अवस्था में संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया।

उसका एक पैर टखना के पास से कट गया था जबकि सिर और हाथ में भी गंभीर चोट लगी थी। उसके पास से कोई सुसाइट नोट नहीं मिला। युवक की पहचान पंचकुला, हरियाणा निवासी सनत गोयल (32) के रूप में हुई है। स्टेशन पर लगे सीसीटीवी की जांच में पुलिस को पता चला कि स्टेशन पर ट्रेन के आते ही युवक ने उसके सामने छलांंग लगा दी।

15 मिनट प्रभावित रही ट्रेन सेवा
ट्रेन के सामने युवक द्वारा छलांग लगाने के कारण बहादुरगढ़ से मुंडका कलां तक मेट्रो सेवा करीब 15 मिनट तक प्रभावित रही। मेट्रो के अनुसार युवक को ट्रेक से हटाने के बाद मेट्रो सेवा को फिर से सामान्य किया जा सका।

Desk Team