0.3 मिमी की नसें और बाल से 5 गुना पतले टांके, एम्स में शुरू हुई सुपर माइक्रोसर्जरी

Summary :

AIIMS : ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS), नई दिल्ली के बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग में अब सुपर माइक्रोसर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। इस अत्याधुनिक तकनीक में 0.3 से 0.5 मिलीमीटर तक व्यास वाली बेहद महीन रक्त वाहिकाओं और लसीका वाहिकाओं की सर्जरी की जाती है। ये वाहिकाएं सामान्य तौर पर दिखाई तक नहीं देतीं। इन्हें जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले टांके बाल से भी करीब 3 से 5 गुना पतले होते हैं। विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मनीष सिंघल के अनुसार, सामान्य माइक्रोसर्जरी में कुछ मिलीमीटर चौड़ी रक्त वाहिकाओं को जोड़ा जाता है, जबकि सुपर माइक्रोसर्जरी में…

AIIMS : ऑल इंडिया इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (AIIMS), नई दिल्ली के बर्न एंड प्लास्टिक सर्जरी विभाग में अब सुपर माइक्रोसर्जरी की सुविधा शुरू की गई है। इस अत्याधुनिक तकनीक में 0.3 से 0.5 मिलीमीटर तक व्यास वाली बेहद महीन रक्त वाहिकाओं और लसीका वाहिकाओं की सर्जरी की जाती है। ये वाहिकाएं सामान्य तौर पर दिखाई तक नहीं देतीं। इन्हें जोड़ने के लिए इस्तेमाल होने वाले टांके बाल से भी करीब 3 से 5 गुना पतले होते हैं।

विभागाध्यक्ष प्रोफेसर मनीष सिंघल के अनुसार, सामान्य माइक्रोसर्जरी में कुछ मिलीमीटर चौड़ी रक्त वाहिकाओं को जोड़ा जाता है, जबकि सुपर माइक्रोसर्जरी में 0.8 मिलीमीटर से छोटी वाहिकाओं पर काम किया जाता है। इस तकनीक के लिए अत्यधिक शक्तिशाली सर्जिकल माइक्रोस्कोप और विशेष रूप से डिजाइन किए गए बेहद बारीक उपकरणों की जरूरत होती है। एम्स में इस तकनीक को लेकर हाल ही में विशेष वर्कशॉप भी आयोजित की गई। इसमें दक्षिण कोरिया के सुपर माइक्रोसर्जरी और लसीका पुनर्निर्माण विशेषज्ञ प्रोफेसर जून पियो (जे.पी.) हांग के अलावा गंगा हॉस्पिटल, कोयंबटूर के डॉ. हरि वेंकटरमणी और एस्टर हॉस्पिटल, कासरगोड की डॉ. समरीन जाफर ने विशेषज्ञता साझा की।

छह सुपर माइक्रोसर्जरी प्रक्रियाएं की गईं

वर्कशॉप के दौरान छह सुपर माइक्रोसर्जरी प्रक्रियाएं की गईं। इनमें फाइलेरियासिस से प्रभावित मरीजों के लिए लसीका सुपर माइक्रोसर्जरी, स्तन कैंसर के उपचार के बाद बांह में होने वाली सूजन यानी लिम्फोएडेमा का इलाज और लंबे समय से न भरने वाले डायबिटिक फुट अल्सर का सुपर माइक्रोसर्जिकल रिकंस्ट्रक्शन शामिल था। डायबिटिक फुट के एक मामले में बेहद पतले त्वचा फ्लैप का इस्तेमाल किया गया।

वर्कशॉप में इंडोसायनाइन ग्रीन (आईसीजी) इन्फ्रारेड मैपिंग और हाई-फ्रीक्वेंसी अल्ट्रासाउंड मैपिंग जैसी उन्नत तकनीकों का भी प्रदर्शन किया गया। इनसे शरीर के भीतर बेहद छोटी रक्त और लसीका वाहिकाओं की पहचान और सर्जरी की योजना बनाने में मदद मिलती है।

Sumant Chaudhary