देश के भविष्य का निर्माण करता है शिक्षक: मल्होत्रा

Summary :

Teacher Day : शिक्षक के कंधों पर देश के भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी होती है। आज का दिन केवल एक व्यक्ति के सम्मान का न होकर पूरी व्यवस्था एवं हमारी गुरु शिष्य परंपरा के सम्मान का दिन है। शिक्षक दिवस पर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली नगर निगम के केदारनाथ साहनी सभागार सिविक सेंटर में निगम शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कही। इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, स्थायी समिति उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश…

Teacher Day : शिक्षक के कंधों पर देश के भविष्य के निर्माण की जिम्मेदारी होती है। आज का दिन केवल एक व्यक्ति के सम्मान का न होकर पूरी व्यवस्था एवं हमारी गुरु शिष्य परंपरा के सम्मान का दिन है। शिक्षक दिवस पर केंद्रीय राज्यमंत्री एवं भाजपा अध्यक्ष हर्ष मल्होत्रा ने दिल्ली नगर निगम के केदारनाथ साहनी सभागार सिविक सेंटर में निगम शिक्षकों को सम्मानित करते हुए कही।

इस अवसर पर महापौर प्रवेश वाही, उपमहापौर डॉ. मोनिका पंत, नेता सदन जय भगवान यादव, स्थायी समिति की अध्यक्ष सत्या शर्मा, स्थायी समिति उपाध्यक्ष सत्यपाल सिंह, निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा, शिक्षा समिति के उपाध्यक्ष अमित खरखड़ी, निगमायुक्त संजीव खिरवार, अतिरिक्त आयुक्त संजीव कुमार मित्तल, निदेशक शिक्षा निखिल तिवारी सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारीगण एवं शिक्षकगण उपस्थित रहे।

महापौर प्रवेश वाही ने इस अवसर पर कहा कि उनके 18-19 वर्ष के सार्वजनिक जीवन में उन्हें जब भी निगम विद्यालयों में जाकर बच्चों एवं शिक्षकों से मिलना होता है तो काफी गौरव की अनुभूति होती है। उन्होंने कहा कि निजी विद्यालयों से हर मामले में बेहतर निगम विद्यालय के शिक्षक हैं। प्रवेश वाही ने कहा कि आज निगम विद्यालय पहले से काफी बेहतर स्थिति में हैं और विद्यालयों में स्मार्ट कक्षाओं एवं स्मार्ट शिक्षकों को देखकर काफी अच्छा लगता है।

विद्यालयों की शिक्षा गुणवत्ता में नई तकनीक का इस्तेमाल, शुरू होगी मिनी लीग

प्रवेश वाही ने कहा कि अपने विद्यालयों में शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने एवं नई तकनीक का इस्तेमाल कर अभिभावकों को जोड़ने के लिए प्रतिभागिता पहल आरम्भ की जा रही है। उन्होंने बताया कि निगम के 12 क्षेत्रों में 24 निगम श्री विद्यालय तैयार किए जा रहे हैं जो आस पास के स्कूलों का भी मार्गदर्शन करेंगे। प्रवेश वाही ने बताया कि निगम विद्यालय में पढ़ने वाले बच्चों के लिए मिनी लीग भी आरम्भ की जा रही है जिसके माध्यम से अंडर -9 एवं अंडर -11 आयु वर्ग में क्रिकेट एवं फुटबॉल की खेल प्रतिभाओं की पहचान की जाएगी।

24 निगम श्री विद्यालय की होगी शुरुआत

दिल्ली नगर निगम की शिक्षा समिति के अध्यक्ष योगेश वर्मा ने कहा कि आज का कार्यक्रम केवल शिक्षकों को सम्मानित करने का दिन ही नहीं बल्कि निगम विद्यालयों को नई दिशा ,नई उड़ान देने का दिन है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को पूरा करने के लिए निगम 24 निगम श्री विद्यालय आरम्भ करने जा रहा है। उन्होंने कहा कि इन विद्यालयों के माध्यम से देश का सुनहरा भविष्य गढ़ा जाएगा।

87 शिक्षाविद हुए शिक्षक सम्मान से सम्मानित

निगम शिक्षक सम्मान समारोह के अवसर पर कुल 87 शिक्षाविदों जिनमें 4 प्रधानाचार्य एवं 83 अध्यापक को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में शिक्षा विभाग की उन्नयन वार्षिक पुस्तिका का भी विमोचन किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों द्वारा मनमोहक सांस्कृतिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए गए।

 

Sumant Chaudhary