भारतीय जनता पार्टी अध्यक्ष अमित शाह ने कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर हमला बोलते हुए कहा है कि घुसपैठियों के मामले पर राहुल के साथी चिंतित हैं और वे बताएं कि घुसपैठियों को देश से बाहर निकाला जाए या नहीं।
रविवार को भोपाल और नर्मदापुरम संभाग के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए शाह ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने हमेशा राष्ट्र की सुरक्षा के साथ खिलवाड़ किया और आज भी उसके लिए देश की सुरक्षा से बड़ा उसके लिए वोट है। यही कारण है कि घुसपैठियों के मामले पर वे चिंता से दुबले हो रहे हैं, असम में भाजपा सरकार बनने के बाद एनआरसी पर काम करते हुए 40 लाख घुसपैठिए चिन्हित कर लिए गए हैं।
उन्होंने कहा कि घुसपैठियों का खदेड़ने का जो काम शुरु किया गया है, वह 2019 में दोबारा नरेंद्र मोदी सरकार बनने के बाद गति पकड़ेगा, देश भर से चुन-चुनकर घुसपैठियों को बाहर निकाल दिया जाएगा। उन्होंने राहुल गांधी से सवाल किया कि वे बताएं कि घुसपैठियों को देश से बाहर निकाला जाए या नहीं।
उन्होंने कहा कि घुसपैठियों के मुद्दे पर जिन्हें रोना है वे रोते रहें, लेकिन भाजपा ने तय कर लिया है कि 2019 में सरकार बनने के बाद इस काम को सारे प्रांतों में सर्वोच्च प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा। मध्यप्रदेश के कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि यहां के कार्यकर्ताओं को उनसे अच्छा चुनाव लड़ना आता है। यहां का संगठन पूरे देश में सबसे अच्छा है। विरोधी कितना भी जोर लगा लें, लेकिन प्रदेश के कार्यकर्ताओं के सामने उनकी दाल नहीं गलेगी।


Download Android App
Download iOS App



