Bharat Gaurav Utsav-2026 : भारत गौरव उत्सव-2026 के अंतर्गत आयोजित संघ शताब्दी पुस्तक श्रृंखला के तीसरे कार्यक्रम में तीन सत्रों के दौरान विभिन्न पुस्तकों का विमोचन और विचार परिचर्चा आयोजित की गई। कार्यक्रम में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के 100 वर्षों की यात्रा, राष्ट्र निर्माण में योगदान और सामाजिक भूमिका पर वक्ताओं ने अपने विचार रखे। इस अवसर पर प्रसिद्ध नृत्यांगना शुभदा वराडकर और उनके साथियों ने ‘केशव कल्प’ की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुति दी।
संघ का सौ वर्षों का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदान की गाथा : भगत सिंह कोश्यारी
समारोह की अध्यक्षता महाराष्ट्र के पूर्व राज्यपाल एवं उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री पद्मभूषण भगत सिंह कोश्यारी ने की। उन्होंने कहा कि संघ का सौ वर्षों का इतिहास त्याग, तपस्या और बलिदान की गाथा है। संघ व्यक्ति निर्माण का कार्य करता है और यदि यही भाव समाज में विकसित हो जाए तो राष्ट्र का निर्माण स्वतः होगा। उन्होंने राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका वी. शांता कुमारी को त्याग, तपस्या और सेवा की प्रतिमूर्ति बताया।
मुख्य अतिथि उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतु खंडूरी भूषण ने कहा कि 1925 में स्थापित संघ ने सौ वर्षों में राष्ट्रसेवा के साथ समाज को संस्कार और संस्कृति देने का कार्य किया है। आज बच्चों को शिक्षा के साथ संस्कार देना और महिलाओं को नेतृत्व की भूमिका में आगे लाना आवश्यक है।
परिवारों में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करने का आह्वान
राष्ट्र सेविका समिति की प्रमुख संचालिका वी. शांता कुमारी ने महिलाओं से परिवारों को टूटने से बचाने, रिश्तों की मर्यादा बनाए रखने और परिवारों में राष्ट्र प्रथम की भावना विकसित करने का आह्वान किया। पहले सत्र में मृत्युंजय कुमार झा की पुस्तक ‘स्वतंत्रता संग्राम और डॉ. हेडगेवार’ तथा डॉ. अमित जैन की पुस्तक ‘बहुआयामी संघ’ का विमोचन हुआ। दूसरे सत्र में डॉ. अमित जैन की कॉफी टेबल बुक ‘राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ : शताब्दी यात्रा’ का लोकार्पण किया गया। तीसरे सत्र में महेंद्र विक्रम सिंह की पुस्तक ‘शुभांक संघ काव्यांजलि’ का विमोचन हुआ।
कई गणमान्य हस्तियों ने की कार्यक्रम में शिरकत
कार्यक्रम में संत ईश्वर फाउंडेशन के अध्यक्ष कपिल खन्ना, गुरुकुल कांगड़ी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति एसके आर्य, पूर्व मुख्य सचिव हरियाणा डॉ. टीवीएसएन प्रसाद, पूर्व अतिरिक्त मुख्य सचिव पंजाब के शिवा प्रसाद, पूर्व रक्षा सचिव योगेंद्र नारायण, पूर्व रक्षा सचिव एवं लद्दाख के प्रथम उपराज्यपाल राधाकृष्ण माथुर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। आयोजक डॉ. अमित जैन ने अतिथियों का स्वागत किया, जबकि कैलाश कुमार कंदोई ने धन्यवाद ज्ञापन किया।


Download Android App
Download iOS App




