सेंट्रल दिल्ली किंग्स की सक्सेस में पर्दे के पीछे के हीरो

Summary :

Delhi Premier League : दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में सेंट्रल दिल्ली किंग्स की सफलता के पीछे सिर्फ मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे काम करने वाली अनुभवी टीम भी अहम भूमिका निभा रही है। टीम के सपोर्ट स्टाफ में पूर्व अंतरराष्ट्रीय और रणजी खिलाड़ी, अनुभवी कोच, हाई परफॉर्मेंस विशेषज्ञ, फिजियो, परफॉर्मेंस एनालिस्ट और थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट शामिल हैं। यही टीम खिलाड़ियों की तैयारी से लेकर रणनीति, फिटनेस और तकनीकी कमियों पर लगातार काम कर रही है। टीम के मेंटर प्रवीण गुप्ता खुद क्रिकेट का लंबा अनुभव रखते हैं। उन्होंने 2004 की भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम…

Delhi Premier League : दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में सेंट्रल दिल्ली किंग्स की सफलता के पीछे सिर्फ मैदान पर उतरने वाले खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि पर्दे के पीछे काम करने वाली अनुभवी टीम भी अहम भूमिका निभा रही है। टीम के सपोर्ट स्टाफ में पूर्व अंतरराष्ट्रीय और रणजी खिलाड़ी, अनुभवी कोच, हाई परफॉर्मेंस विशेषज्ञ, फिजियो, परफॉर्मेंस एनालिस्ट और थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट शामिल हैं। यही टीम खिलाड़ियों की तैयारी से लेकर रणनीति, फिटनेस और तकनीकी कमियों पर लगातार काम कर रही है।

टीम के मेंटर प्रवीण गुप्ता खुद क्रिकेट का लंबा अनुभव रखते हैं। उन्होंने 2004 की भारत अंडर-19 वर्ल्ड कप टीम का प्रतिनिधित्व किया और 2013 तक 53 फर्स्ट क्लास रणजी ट्रॉफी मुकाबले खेले। इसके अलावा 39 लिस्ट-ए और 12 टी-20 मुकाबलों में भी हिस्सा लिया। दलीप और देवधर ट्रॉफी में सेंट्रल जोन का प्रतिनिधित्व करने के साथ वह इंग्लैंड की बोल्टन और हडर्सफील्ड लीग में चैंपियन टीमों का हिस्सा रहे। 2022 से 2024 तक लीजेंड्स लीग क्रिकेट में खेलने वाले प्रवीण गुप्ता वर्तमान में डीडीसीए में जूनियर क्रिकेट के चेयरमैन भी हैं। टीम के हेड कोच सोहेल शर्मा का अनुभव भी खासा व्यापक है।

उन्होंने दिल्ली अंडर-23 टीम को कोचिंग दी है और लीजेंड्स लीग में इंडिया कैपिटल्स के साथ काम किया। इसके बाद गोवा की वर्ल्ड लीजेंड्स प्रो टी-20 लीग में महाराष्ट्र टाइकून्स को भी कोचिंग दे चुके हैं। वह पिछले तीन वर्षों से दिल्ली कैपिटल्स की स्काउटिंग टीम से जुड़े हैं और छह साल तक ओएनजीसी की कप्तानी कर चुके हैं।

बैटिंग कोच भी दिल्ली से खेल चुके हैं रणजी

बैटिंग कोच क्षितिज शर्मा दिल्ली के लिए रणजी ट्रॉफी के साथ सैयद मुश्ताक अली और विजय हजारे ट्रॉफी भी खेल चुके हैं। 2018 में वह चेन्नई सुपर किंग्स के आईपीएल अभियान का हिस्सा रहे। वह दिल्ली पुरुष सीनियर टीम के बैटिंग कोच की जिम्मेदारी भी संभाल चुके हैं। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में अंडर-12 और अंडर-14 क्रिकेट के पाथवे कोच भी रहे।

गेंदबाजी विभाग की कमान अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी पवन नेगी के हाथों में है। नेगी भारत के लिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के साथ-साथ आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स, आरसीबी, दिल्ली डेयरडेविल्स और केकेआर का हिस्सा रहे हैं। टीम के फिजियो डॉ. अबू जोनायेद भी 2016 की भारतीय विश्व कप और एशिया कप टीम से जुड़े रहे हैं।

फिटनेस से लेकर तकनीक तक, विशेषज्ञों की टीम

टीम के स्ट्रेंथ एंड कंडीशनिंग कोच गौरव झांगरा एएससीए प्रोफेशनल लेवल-2 मान्यता प्राप्त विशेषज्ञ हैं। वहीं परफॉर्मेंस एनालिस्ट हसीन हैदर 2011 से बीसीसीआई-क्वालिफाइड वीडियो एनालिस्ट हैं और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में भी काम कर चुके हैं। खिलाड़ियों की रिकवरी और तकनीक पर मसाज थेरेपिस्ट अनुज कुमार व सचिन गौर, लेफ्ट आर्म साइडआर्म स्पेशलिस्ट मतविंदर और थ्रोडाउन स्पेशलिस्ट रोहित कुमार काम कर रहे हैं। अलग-अलग स्तर के क्रिकेट का अनुभव रखने वाले इन विशेषज्ञों की मौजूदगी टीम की तैयारी को और मजबूत कर रही है।

Sumant Chaudhary