दिल्ली से भगाई हुई आपदा आज पंजाब के ऊपर मंडरा रही है: सुनील जाखड़

Summary :

मनीष सिसोदिया बना रहे पंजाब की नई शराब नीति: जाखड़

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए आम आदमी पार्टी (आप) पर जमकर हमला बोला। उन्होंने दावा करते हुए कहा कि पंजाब की नई शराब नीति मनीष सिसोदिया तैयार कर रहे हैं और इस नई शराब नीति के ड्राफ्ट पर कैबिनेट की बैठक में चर्चा भी हुई है।

इसके साथ ही उन्होंने चिंता जाहिर करते हुए पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान और एक्साइज मंत्री हरपाल चीमा की अच्छे स्वास्थ्य की कामना भी की।

पंजाब भाजपा अध्यक्ष सुनील जाखड़ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो शेयर करते हुए कहा, ”दिल्ली से भगाई हुई आपदा आज पंजाब के ऊपर मंडरा रही है। इसी आपदा के कारण भगवंत मान कुछ दिनों से बेचैन भी हैं और सो भी नहीं पा रहे हैं। बताया जा रहा है उनका ब्लड प्रेशर बहुत बढ़ा हुआ है। दिल्ली की शराब नीति के जो मास्टर माइंड थे, उस वक्त के दिल्ली के डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया पिछले कुछ दिनों से चंडीगढ़ के अंदर डेरा डाले हुए हैं। दिल्ली की लिकर पॉलिसी की तर्ज पर उन्होंने पंजाब में शराब नीति बनाई है। इसी पॉलिसी को लेकर सीएम भगवंत मान के निवास स्थान पर कैबिनेट की बैठक हो रही है और इसको बैठक में अप्रूवल भी किया जाएगा।”

उन्होंने कहा, ”मैं भगवंत मान के अच्छे स्वास्थ्य की कामना करता हूं, वहीं मुझे पंजाब के एक्साइज मिनिस्टर हरपाल चीमा की भी चिंता है। मुझे इस बात का यकीन है कि हरपाल चीमा भी नहीं चाहेंगे कि उनका हश्र वही हो, जो दिल्ली में मनीष सिसोदिया का हुआ था। मुझे सारी घटनाक्रम के अंदर आशा की एक किरण दिखाई दे रही है। जिस तरह से दिल्ली की शराब नीति ने दिल्ली के लोगों के सामने अपने आप को कट्टर ईमानदार का दावा करने वाली बेईमानी और पाखंड पर आधारित जो पार्टी थी, उसका असली चेहरा दिल्ली के लोगों के सामने पेश किया। दिल्ली के अंदर उसका जो हश्र हुआ है, मुझे लगता है कि पंजाब के लोग भी आम आदमी पार्टी का हाल भी वहीं करने वाले हैं।”

दिल्ली के शराब घोटाले के मामले में अरविंद केजरीवाल, सिसोदिया समेत कई नेता आरोपी बनाए गए हैं। दोनों नेता कई महीनों तक दिल्ली की तिहाड़ जेल में भी रह चुके हैं।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.