Dwarka Police : अदालत में चल रहे मुकदमे से बचने के लिए फरार चल रहा एक आरोपी हरियाणा के झज्जर में ट्रक ड्राइवर बनकर काम कर रहा था। द्वारका जिला पुलिस की एंटी-जेल बेल एंड प्रोक्लेम्ड ऑफेंडर्स सेल की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान नजफगढ़ निवासी अनिल कुमार (45) के रूप में हुई है। द्वारका कोर्ट ने उसे 2 सितंबर 2026 को भगोड़ा घोषित किया था। डीसीपी कुशल पाल सिंह ने बताया कि एसीपी ऑपरेशंस सुभाष मलिक की देखरेख में इंस्पेक्टर हरीश कुमार के नेतृत्व की टीम ने पकड़ा है।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ एफआईआर नंबर 266/2025 में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 209 के तहत मामला दर्ज था। मुकदमे की सुनवाई के दौरान पेश नहीं होने और कानूनी प्रक्रिया से बचने के चलते अदालत ने उसे घोषित अपराधी करार दिया था। इसके बाद से पुलिस उसकी तलाश कर रही थी।
गुप्त सूचना पर झज्जर में बिछाया जाल
डीसपी उपायुक्त कुशल पाल सिंह के निर्देश पर घोषित अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान चलाया जा रहा है पुलिस के अनुसार, 8 अक्टूबर को सूचना मिली कि अनिल कुमार झज्जर में ट्रक ड्राइवर के रूप में काम कर रहा है। सूचना की पुष्टि के बाद टीम हरियाणा पहुंची और जाल बिछाकर उसे पकड़ लिया। आरोपी को भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) की धारा 35(1)(डी) के तहत गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी की सूचना दिल्ली के नजफगढ़ थाने में भी दर्ज कराई गई। पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार के खिलाफ पहले किसी अन्य आपराधिक मामले में संलिप्तता दर्ज नहीं है। फिलहाल उसकी गिरफ्तारी को अदालत में लंबित मामले की सुनवाई से बच रहे घोषित अपराधी को पकड़ने की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।


Download Android App
Download iOS App




