नई दिल्ली : जब से दिल्ली विधानसभा में पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी का भारत रत्न वापस लेने के विवाद में आप विधायक अलका लांबा का नाम आया और इस्तीफे की चर्चा भी आ गई, यह अलग बात रही कि अगले ही दिन आप पार्टी से इस्तीफे की बात को खारिज कर दिया। लेकिन उसके बाद से ही इस बात की अटकलें तेज हो गई थीं कि अलका लांबा कांग्रेस में जा सकती हैं। नव वर्ष पर वह पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह से भी जाकर मिलीं, जिसका जिक्र उन्होंने खुद अपने ट्वीट में किया। अब अलका लांबा का एक नया ट्वीट सामने आया है जिसमें उन्होंने शायरी की है… कि
हम उनसे मिले भी न थे,
फिर भी बदनाम हो गए,
सोचा अब बदनाम हो ही चुके हैं,
तो क्यों न उनसे मिलने का मजा चख ही लिया जाये।
अलका लांबा की शायरी वाले इस अंदाज के राजनीतिक हलकों में कई मायने निकाले जा रहे हैं। जिसमें माना जा रहा है कि अलका लांबा घर वापसी (कांग्रेस) करेगी क्या? गौरतलब है कि अलका लांबा करीब 20 साल तक कांग्रेस में रहने के बाद 2014 में आम आदमी पार्टी में शामिल हो गई थीं। उसके बाद वे 2015 विधानसभा चुनाव में दिल्ली के चांदनी चौक से विधायक चुनी गईं।
चर्चा इस बात की है कि पिछले कुछ दिनों से अलका लांबा आम आदमी पार्टी में अलग-थलग चल रही हैं। अलका लांबा ने पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के खिलाफ आप विधायक द्वारा दिल्ली विधानसभा में लाए गए भारत रत्न सम्मान वापसी प्रस्ताव का विरोध किया था। तब अलका लांबा ने कहा था, ‘मुझे जब प्रस्ताव पारित होने की जानकारी मिली तो मैंने इस पर आप संयोजक अरविंद केजरीवाल से बात की’ उन्होंने बताया कि केजरीवाल ने मुझसे विधायक पद से इस्तीफा देने को कह दिया है।
हालांकि बाद में आम आदमी पार्टी ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि अलका लांबा से इस्तीफा देने के लिए नहीं कहा गया। साथ ही पार्टी ने कहा था कि राजीव गांधी के खिलाफ एक विधायक ने प्रस्ताव दिया था।जिसे विधानसभा से मंजूरी नहीं मिली। बहरहाल, इस विवाद के बाद से ही अलका लांबा पार्टी में अलग-थलग हो गईं। अब उनके ट्वीट ने दिल्ली की राजनीति में हलचल मचा दी है। देखना है कि उनकी यह शायरी क्या रंग खिलाती है?


Download Android App
Download iOS App



