भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बताया कि दिल्ली में सोमवार को पुरवाई हवाएं चलने और आंशिक रूप से बादल छाये रहने के कारण न्यूनतम तापमान सामान्य से दो डिग्री सेल्सियस अधिक नौ डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उसने बताया कि अधिकमत तापमान के 17 डिग्री सेल्सियस के आसपास दर्ज किए जाने का अनुमान है। रविवार को न्यूनतम और अधिकतम तापमान क्रमश: 5.7 और 15.3 डिग्री सेल्सियस रहने के कारण दिनभर ठंड की स्थिति बनी रही थी।
आईएमडी के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में पुरवाई हवा चल रही है, जो बर्फ से ढके पश्चिमी हिमालय से आने वाली उत्तर पश्चिमी हवाओं के मुकाबले कम सर्द होती हैं। इस बीच, दिल्ली में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) सुबह नौ बजे 380 दर्ज किया गया। रविवार को 24 घंटे का औसत एक्यूआई 347 था। शनिवार को यह 407, शुक्रवार को 460, बृहस्पतिवार को 429 और बुधवार को 354 था।
उल्लेखनीय है कि 0-50 के बीच एक्यूआई को ‘बेहतर’, 51-100 के बीच ‘संतोषजनक’, 101 से 200 के बीच ‘सामान्य’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है। वहीं राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (एनसीआर) के विभिन्न शहरों में सोमवार को वायु गुणवत्ता बेहद खराब रही और गाजियाबाद में प्रदूषण सबसे अधिक रहा।
केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) के प्रदूषण सूचकांक ऐप ‘समीर’ के अनुसार सोमवार को वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गाजियाबाद में 393, नोएडा में 376 और ग्रेटर नोएडा में 372 दर्ज किया गया। ऐप के अनुसार राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र के फरीदाबाद में एक्यूआई 321 और गुरुग्राम में 284 दर्ज किया गया।
वहीं, बुलंदशहर में एक्यूआई 358, बागपत में 308, हापुड़ में 122 दर्ज किया गया। सूचकांक के मुताबिक, शून्य से 50 के बीच एक्यूआई को ‘अच्छा’, 51 से 100 के बीच ‘संतोषजनक’, 100 से 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 से 300 के बीच ‘खराब’, 301 से 400 के बीच ‘बेहद खराब’ और 401 से 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है।


Download Android App
Download iOS App



