दिल्ली और नोएडा के स्कूलों को बम से उड़ाने की मिली धमकी

Summary :

दिल्ली के एहलकॉन इंटरनेशनल स्कूल को मिली बम धमकी पुलिस सतर्क

दिल्ली और नोएडा के कई स्कूलों को एक बार फिर बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सबसे पहले पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेस 1 में स्थित स्कूल को धमकी मिली थी। दिल्ली के मयूर विहार-1 में एहलकॉन इंटरनेशनल स्कूल ने पांडव नगर पुलिस स्टेशन को सूचित किया कि आज स्कूल के प्रिंसिपल को ईमेल के माध्यम से बम की धमकी मिली थी। पुलिस के अनुसार यह सूचना सुबह 6:40 बजे दी गई थी। सूचना मिलने के बाद पूर्वी जिले के बम निरोधक दस्ते को सूचित किया गया। स्टेशन हेड ऑफिसर (SHO) पांडव नगर स्टाफ के साथ स्कूल पहुंचे। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और मानक संचालन प्रक्रिया का पालन किया जा रहा है। बम निरोधक दस्ते (BDS) ने स्कूल परिसर की जाँच की और कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला।

नोएडा के शिव नादर स्कूल को मिली धमकी

स्कूल के प्रिंसिपल ने अभिभावकों को ईमेल के माध्यम से सूचित किया कि छात्रों की सुरक्षा के लिए स्कूल को बंद कर दिया और कक्षाएं ऑनलाइन चलेंगी। नोएडा के शिव नादर स्कूल को भी धमकी मिली। इसके बाद नोएडा पुलिस, बम निरोधक दस्ता, दमकल विभाग, डॉग स्क्वायड और बम निरोधक दस्ते की टीम ने तुरंत सभी जगहों की जांच की। नोएडा पुलिस ने कहा कि वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। साइबर टीम ईमेल की जांच कर रही है। लोगों से अनुरोध है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और धैर्य बनाए रखें।

सेंट स्टीफंस कॉलेज को भी धमकी मिली

उत्तरी दिल्ली के सेंट स्टीफंस कॉलेज को भी धमकी मिली। उत्तरी जिले के पुलिस उपायुक्त के अनुसार, आज सुबह 07:42 बजे कॉलेज को ईमेल के जरिए बम की धमकी मिली। पुलिस ने कहा कि हमारा बम निरोधक दस्ता मौके पर है और जांच कर रहा है।

Himanshu Negi

हिमांशू नेगी को देश-विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने GGSIPU से संबद्ध LLDIMS कॉलेज से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन (BJMC) की पढ़ाई की है। इसके बाद HNBGU Central University से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन (MAJMC) पूरा किया और पत्रकारिता की शुरुआत की। दैनिक जागरण और IJCP Pvt Ltd. में इंटर्नशिप करने के बाद उन्होंने सुदर्शन टीवी चैनल में 9 PM शो के लिए प्रोड्यूसर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।