दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) के रविवार को होने वाले चुनाव सुगम तरीके से कराने के लिए करीब 40,000 पुलिसकर्मी, 20,000 होमगार्ड और अर्द्धसैनिक तथा राज्य सशस्त्र पुलिस बलों की 108 कंपनी को तैनात किया जाएगा।
पुलिस ने कहा कि संवेदनशील क्षेत्रों में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए 60 ड्रोन का इस्तेमाल किया जाएगा।
एमसीडी के 250 वार्ड के चुनाव के लिए पुलिस का ध्यान मुख्यत: सांप्रदायिक तनाव की आशंका को रोकने तथा उम्मीदवारों को अवैध तरीकों से मतदाताओं को लुभाने की कोशिश करने से रोकने पर होगा।
पुलिस, अर्द्धसैनिक बलों और होमगार्ड के लिए रिहर्सल का आयोजन भी किया गया है।
उत्तरी दिल्ली के पुलिस उपायुक्त (डीसीपी) सागर सिंह कलसी ने कहा कि कर्मियों को निष्पक्ष आचरण प्रदर्शित करने, उपद्रवियों के खिलाफ सतर्क रहने और आदर्श आचार संहिता के अनुपालन में कर्तव्यों को पूरा करने के लिहाज से प्रोत्साहित किया गया।
पुलिस के विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) जोन-2 सागर प्रीत हुड्डा ने कहा कि सभी संवेदनशील मतदान केंद्रों का सर्वेक्षण कराया जा चुका है।
जोन-1 में विशेष आयुक्त (कानून व्यवस्था) दीपेंद्र पाठक ने कहा कि पिछले छह-आठ सप्ताह से एमसीडी चुनाव पर पुलिस की नजर है।
उन्होंने कहा कि जिला स्तरीय वरिष्ठ अधिकारियों को रात में अपने कार्यालय में रहने को कहा गया है, वहीं पुलिस निरीक्षकों को गिरोहों के झगड़ों या सांप्रदायिक रूप ले सकने वाले किसी संघर्ष से संबंधित कोई भी फोन कॉल आने पर कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया है।
पाठक ने कहा, ‘‘निर्वाचन आयोग और चुनाव कराने में शामिल एजेंसियों के बीच समन्वय के लिए हम कानून व्यवस्था बनाए रखने पर विशेष ध्यान दे रहे हैं और बहुत सुरक्षित माहौल बना रहे हैं। अगर शांति भंग करने के लिए कोई गतिविधि की जाती है तो पेशेवर पुलिस और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।’’


Download Android App
Download iOS App



