पूर्व राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद और उनके परिवार के सदस्यों ने यहां स्थित प्रसिद्ध महावीर मंदिर में शनिवार को पूजा-अर्चना की।
पूर्व राष्ट्रपति अपने परिवार के सदस्यों के साथ यहां तख्त श्री पटना साहिब भी गए। कोविंद का राज्य में तीन दिवसीय प्रवास शनिवार को समाप्त हो गया।
कोविंद ने इस दौरान राजेंद्र चौक, राजभवन में भारत के पहले राष्ट्रपति भारत रत्न राजेंद्र प्रसाद को उनकी जयंती पर पुष्पांजलि अर्पित की।
कोविंद ने ट्वीट किया, ‘‘पवित्र तख्त श्री पटना साहिब की यात्रा करने का सौभाग्य प्राप्त हुआ, जो गुरु गोबिंद सिंह की स्मृति में बनाया गया एक प्रमुख तीर्थ है जिनका जन्म पटना में हुआ था। सबसे पवित्र मंदिरों में से एक. भगवान हनुमान को समर्पित महावीर मंदिर भी गए। महान नेता, स्वतंत्रता सेनानी, प्रख्यात वकील, भारत के पहले राष्ट्रपति भारत रत्न बाबू राजेंद्र प्रसाद जी को उनकी जयंती पर राजेंद्र चौक, राजभवन, पटना में पुष्पांजलि अर्पित की।’’ महावीर मंदिर ट्रस्ट के प्रमुख आचार्य किशोर कुणाल ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘पूर्व राष्ट्रपति और उनके परिवार के सदस्यों ने आज महावीर मंदिर में पूजा की। जब वे भारत के राष्ट्रपति और राज्य के राज्यपाल थे, तब भी वह कई बार इस मंदिर में आए थे।’’
कोविंद बाद में नयी दिल्ली रवाना हो गए।


Download Android App
Download iOS App



