Delhi News : दिल्ली के फ्लाईओवरों के नीचे की खाली और अक्सर उपेक्षित पड़ी जगहों को अब थीम आधारित सार्वजनिक स्थलों में बदला जा रहा है। दिल्ली सरकार का लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) बड़ी कंपनियों को साथ लेकर उनके कॉरपोरेट सोशल रिस्पॉन्सिबिलिटी (सीएसआर) फंड से इन जगहों को गोद दिलवा रहा है, ताकि उनका सौंदर्यीकरण और रखरखाव हो सके।
दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने गुरुवार को चिराग दिल्ली और आईआईटी दिल्ली फ्लाईओवर का दौरा कर ज़मीन पर चल रहे काम और उसकी प्रगति का जायजा लिया। 10 दिसंबर 2025 को हुए समझौता ज्ञापन के तहत इंडियन ऑयल कॉरपोरेशन लिमिटेड ने पांच फ्लाईओवर और अरबिंदो मार्ग के एक हिस्से को गोद लिया है। इनमें दक्षिण दिल्ली के चिराग दिल्ली, पंचशील और आईआईटी दिल्ली फ्लाईओवर, तथा उत्तर दिल्ली के पंजाबी बाग और मुकरबा चौक फ्लाईओवर शामिल हैं। इंडियन ऑयल इन सभी जगहों का तीन साल तक रखरखाव करेगा।
सभी जगहों पर एक जैसा काम करने के बजाय इंडियन ऑयल ने हर साइट के आसपास के इलाके का अध्ययन किया और वहां के माहौल के हिसाब से थीम तय की।
इस पहल पर बोलते हुए लोक निर्माण मंत्री प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि हमारी सरकार बनने के बाद से हमने बड़ी कंपनियों के साथ साझेदारी की है और उनके ष्टस्क्र फंड के जरिए उनसे फ्लाईओवरों के नीचे की जगहों को गोद दिलवाया है। हमने जितने भी समझौते पर साइन किए हैं, उनमें दो से तीन साल तक रखरखाव की जि़म्मेदारी तय है। मुझे यह बताते हुए खुशी है कि इंडियन ऑयल ने पांच फ्लाईओवरों की जि़म्मेदारी ली है। उन्होंने आसपास के इलाकों का अध्ययन किया है और हर जगह के हिसाब से अलग थीम ला रहे हैं। दिल्ली को सुंदर बनाने और राष्ट्रीय राजधानी की गरिमा बनाए रखने के लिए हमारा विभाग और हमारी सरकार दिन-रात काम कर रहे हैं, ताकि हमारी सडक़ें और बेहतर दिखें।
चिराग दिल्ली फ्लाईओवर: प्रकृति एवं वन्यजीव
दक्षिण दिल्ली के सबसे व्यस्त चौराहों में से एक, चिराग दिल्ली में फ्लाईओवर के नीचे की जगह को प्रकृति एवं वन्यजीव थीम पर एक हरे-भरे कोने में बदला जा रहा है। दीवारों पर बनी कलाकृतियां और इंस्टॉलेशन दिल्ली और देश के पक्षियों, जानवरों और पेड़-पौधों को शहर के बीचों-बीच ले आएंगे, और चारों ओर हरियाली होगी। यहां से रोज़ गुज़रने वाले हज़ारों लोगों के लिए यह बेरंग अंडरपास अब शहर की प्राकृतिक धरोहर की याद दिलाएगा।
फ्लाईओवरों के नीचे बनेंगे 400-500 पुलिस बूथ
इसके साथ ही, पीडब्ल्यूडी अपने फंड से और दिल्ली पुलिस के साथ तालमेल में शहर भर के फ्लाईओवरों के नीचे 400 से 500 पुलिस बूथ बना रहा है। इससे खाली पड़ी जगह का इस्तेमाल लोगों की सुरक्षा के लिए होगा और व्यस्त चौराहों व सड़कों पर पुलिस की मौजूदगी दिखेगी। प्रवेश साहिब सिंह ने कहा कि फ्लाईओवरों के नीचे की जगह दिल्ली के लोगों के काम आनी चाहिए। पीडब्ल्यूडी ये बूथ अपने पैसे से बनाकर दिल्ली पुलिस को सौंप रहा है। जब किसी व्यस्त चौराहे पर पुलिस बूथ होता है, तो लोग ज्यादा सुरक्षित महसूस करते हैं और पुलिस भी जल्दी पहुंच पाती है। हम यह काम दिल्ली पुलिस के साथ पूरे तालमेल में कर रहे हैं, और एक-एक फ्लाईओवर करके पूरे शहर में यह काम आगे बढ़ेगा।


Download Android App
Download iOS App




