MCD News : दिल्ली में कूड़े के पहाड़ों का बोझ कम करने के लिए दिल्ली नगर निगम अब घर-घर जाकर लोगों को गीला और सूखा कूड़ा अलग रखने के लिए जागरूक करेगा। इसकी शुरुआत शुक्रवार को उत्तर पश्चिम क्षेत्र के प्रशांत विहार से की गई। महापौर प्रवेश वाही ने खुद लोगों के घरों पर पहुंचकर कूड़े के पृथक्करण का महत्व समझाया और करीब 70 डस्टबिन वितरित किए। उन्होंने कहा कि इस अभियान को दिल्ली के प्रत्येक क्षेत्र में चलाया जाएगा, ताकि घरों से निकलने वाले अधिक से अधिक कूड़े का पुनर्चक्रण हो सके और लैंडफिल साइटों पर जाने वाले कचरे की मात्रा घटाई जा सके।
सेवा संकल्प अभियान के तहत प्रशांत विहार पहुंचे महापौर ने स्थानीय निवासियों से बातचीत की और उनके घरों में कूड़ा निस्तारण की व्यवस्था देखी। इस दौरान पहले से गीला और सूखा कूड़ा अलग रखने वाले परिवारों की सराहना भी की। उन्होंने लोगों को बताया कि रसोई से निकलने वाला गीला कूड़ा हरे डस्टबिन और प्लास्टिक, कागज सहित अन्य सूखा कूड़ा नीले डस्टबिन में डालना चाहिए। इससे कूड़े की छंटाई आसान होगी और पुनर्चक्रण के लिए उपयोगी सामग्री को अलग किया जा सकेगा।
महापौर ने कहा कि दिल्ली में स्वच्छता व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए केवल सफाई कर्मचारियों और निगम अधिकारियों के प्रयास पर्याप्त नहीं हैं। इसमें प्रत्येक परिवार की भागीदारी जरूरी है। यदि घरों में ही कूड़े को अलग करने की आदत विकसित हो जाए तो कचरे के निस्तारण की समस्या को काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि निगम का प्रयास है कि नागरिक केवल कूड़ा उठाने की व्यवस्था पर निर्भर न रहें, बल्कि कचरा कम करने और उसके दोबारा उपयोग में भी अपनी जिम्मेदारी समझें।
वाही ने बताया कि निगम स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने के साथ लोगों की भागीदारी बढ़ाने पर विशेष ध्यान दे रहा है। इसी उद्देश्य से घर-घर जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों से सार्वजनिक स्थानों पर कूड़ा नहीं फेंकने और निर्धारित स्थानों पर ही कचरा डालने की अपील की।


Download Android App
Download iOS App




