सिग्नेचर ब्रिज से आवागमन होगा बंद

Summary :

सिग्नेचर ब्रिज अगले कुछ दिन के लिए बंद होने जा रहा है। इसका कारण सिग्नेचर ब्रिज के ऊपर से अस्थायी प्लेटफार्म और क्रेन को नीचे उतारना बताया जा रहा है।

नई दिल्ली : उत्तर-पूर्वी दिल्ली को जोड़ने वाला यमुना पर बना सिग्नेचर ब्रिज अगले कुछ दिन के लिए बंद होने जा रहा है। इसका कारण सिग्नेचर ब्रिज के ऊपर से अस्थायी प्लेटफार्म और क्रेन को नीचे उतारना बताया जा रहा है। दिल्ली टूरिज्म एंड ट्रांसपोर्टेशन डिपार्टमेंट कॉपोरेशन (डीटीटीडीसी) ने इसके लिए ट्रैफिक पुलिस को पत्र लिखा है। 
हालांकि अभी ट्रैफिक पुलिस ने डीटीटीडीसी को बंद करने के संबंध में सहमति नहीं दी है। दिल्ली सरकार के एक अधिकारी ने बताया कि ब्रिज के ऊपर सेल्फी प्वाइंट का काम पूरा हो गया है। अब ऊपर से अस्थायी प्लेटफार्म और क्रेन को नीचे उतारना है। इस दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना से बचाव के लिए ब्रिज से वाहनों का आवागमन बंद करने के लिए  पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि उनको अपना काम पूरा करने में तीन से  चार सप्ताह का समय लग सकता है। 
यानी 21 से 28 दिन  ब्रिज से वाहनों का आवागमन बंद हो सकता है। डीटीटीडीसी ने जून में पत्र  लिखने के बावजूद ट्रैफिक पुलिस की तरफ  से अब तक  समय नहीं बताया गया है। उन्होंने कहा कि उम्मीद है  कि दीवाली के बाद  अनुमति मिल जाएगी। इसके बाद एक महीने तक वाहन  चालकों को पुराने वजीराबाद पुल का एक महीने तक इस्तेमाल करना होगा। 

Desk Team