Delhi-NCR : दूरसंचार नियामक प्राधिकरण भारत (ट्राई) ने दिल्ली-एनसीआर के प्रमुख मेट्रो और रैपिड रेल कॉरिडोर पर मोबाइल नेटवर्क सेवाओं की गुणवत्ता का आकलन करने के लिए व्यापक ड्राइव टेस्ट आयोजित किया है। संचार मंत्रालय ने सोमवार को बताया कि यह परीक्षण दिल्ली लाइसेंस्ड सर्विस एरिया (LSA) में संचालित विभिन्न मेट्रो मार्गों पर किया गया।
ट्राई ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (DMRC), नोएडा मेट्रो रेल कॉर्पोरेशन (NMRC) तथा नेशनल कैपिटल रीजन ट्रांसपोर्ट कॉर्पोरेशन (NCRTC) के अंतर्गत आने वाले कई प्रमुख रूटों को परीक्षण के लिए चुना। इनमें नोएडा की एक्वा लाइन, दिल्ली मेट्रो की ब्लू, ग्रीन, ग्रे, मैजेंटा, पिंक और ऑरेंज लाइन के अलावा गुरुग्राम रैपिड मेट्रो तथा दिल्ली-मेरठ नमो भारत आरआरटीएस कॉरिडोर भी शामिल रहे।
मंत्रालय के अनुसार, इस ड्राइव टेस्ट का उद्देश्य दूरसंचार सेवा प्रदाताओं (टीएसपी) द्वारा उपलब्ध कराई जा रही वॉइस और डेटा सेवाओं की वास्तविक समय में गुणवत्ता का मूल्यांकन करना था। परीक्षण के दौरान नेटवर्क कवरेज, कॉल ड्रॉप रेट, कॉल सेटअप सक्सेस रेट, डेटा डाउनलोड और अपलोड स्पीड जैसे महत्वपूर्ण सेवा गुणवत्ता (क्यूओएस) मानकों को रिकॉर्ड किया गया।
2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर लाइव वॉइस और चलाए गए डेटा सत्र
ट्राई ने बताया कि इस तरह के स्वतंत्र ड्राइव टेस्ट उपभोक्ताओं को सटीक जानकारी उपलब्ध कराने और सेवा प्रदाताओं को अपने नेटवर्क में सुधार के लिए प्रेरित करने के उद्देश्य से किए जाते हैं। परीक्षण में सभी प्रमुख टेलीकॉम कंपनियों के सिम कार्ड का उपयोग करते हुए 2जी, 3जी, 4जी और 5जी नेटवर्क पर लाइव वॉइस और डेटा सत्र चलाए गए। ट्राई ने स्पष्ट किया कि रिपोर्ट में दर्ज निष्कर्ष केवल परीक्षण के दौरान संबंधित समय और स्थान पर नेटवर्क की स्थिति को दर्शाते हैं।
यह भी पढ़ें : BREAKING: दिल्ली के शास्त्री नगर मेट्रो के पास घर में भीषण आग, बुझाने में जुटीं दमकल की 8 गाड़ियां


Download Android App
Download iOS App




