नई दिल्ली : दिल्ली के पेयजल के सैंपल केन्द्र सरकार के संस्थान भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) द्वारा फेल किये जाने पर शुरू हुई राजनीति खत्म होने के नाम नहीं ले रही है। इस मुद्दे पर आप नेता संजय सिंह के केन्द्रीय मंत्री रामविलास पासवान पर किये गये पलटवार के बाद अब दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और केन्द्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार मंत्री डॉ. हर्षवर्धन ट्विटर पर आपस में भिड़ गये हैं।
केन्द्रीय मंत्री डॉ हर्षवर्धन ने पानी के सैंपल को लेकर टिवटर पर एक खबर शेयर करते हुए लिखा कि सीएम अरविंद केजरीवाल फ्री पानी के नाम पर दिल्ली की जनता को जहर पिला रहे हैं। देश के 20 शहरों के पानी पर हुए सर्वे में दिल्ली का पानी सबसे ज्यादा जहरीला पाया गया। उन्होंने कहा कि विकास के बड़े-बड़े दावे करने वाली आप सरकार लोगों को साफ पानी तक मुहैया कराने में नाकाम रही है।
वहीं इस पर पलटवार करते हुए सीएम केजरीवाल ने भी ट्वीट किया। उन्होंने कहा कि सर, आप तो डॉक्टर हैं। आप जानते हैं कि ये रिपोर्ट झूठी है, राजनीति से प्रेरित है। आप जैसे व्यक्ति को ऐसी गंदी राजनीति का हिस्सा नहीं बनना चाहिए।
यहां बता दें कि शनिवार को केन्द्र सरकार की एजेंसी बीआईएस ने दिल्ली के पानी के सैंपल मानकों पर खरे नहीं उतरे। वे फेल साबित हो गये। इस रिपोर्ट में दिल्ली के पानी की क्वालिटी सबसे ज्यादा खराब पायी गई तो वहीं मुबंई के पानी के सैंपल सबसे बढ़िया बताये गये।


Download Android App
Download iOS App



