जंतर-मंतर पहुंचने से पहले हथियारों के साथ दबोचे गए दो युवक

Summary :

Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर पर प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन और छात्र आंदोलन से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरपुर बॉर्डर पर हथियारों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जा रहे थे। तलाशी के दौरान एक के पास से अवैध देसी पिस्तौल और दूसरे के कब्जे से प्रतिबंधित बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है। डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि गुरुवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन…

Jantar Mantar Protest: जंतर-मंतर पर प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन और छात्र आंदोलन से पहले दिल्ली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बदरपुर बॉर्डर पर हथियारों के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है।

पुलिस का दावा है कि दोनों आरोपी प्रदर्शन में शामिल होने के लिए जंतर-मंतर जा रहे थे। तलाशी के दौरान एक के पास से अवैध देसी पिस्तौल और दूसरे के कब्जे से प्रतिबंधित बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है।

डीसीपी डॉ. हेमंत तिवारी ने बताया कि गुरुवार को जंतर-मंतर पर प्रस्तावित प्रदर्शन के मद्देनजर बदरपुर बॉर्डर पिकेट पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान एसएचओ बदरपुर अशोक कुमार के नेतृत्व में एएसआई मंगलराम, हेड कांस्टेबल कुलदीप और तेजस-08 टीम ने हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर सवार दो युवकों को रोकने का प्रयास किया। पुलिस को देखकर चालक ने भागने की कोशिश की, लेकिन दूसरी बैरिकेडिंग पर तैनात पुलिसकर्मियों ने घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया।

पूछताछ में आरोपियों की पहचान नवीन वत्स उर्फ चिन्नू (22) और सौरभ उर्फ दीपु (27) के रूप में हुई। दोनों हरियाणा के बल्लभगढ़ के रहने वाले हैं। पूछताछ के दौरान दोनों ने पुलिस को बताया कि वे जंतर-मंतर पर प्रस्तावित सीजेपी प्रदर्शन में शामिल होने जा रहे थे। तलाशी के दौरान नवीन के कब्जे से एक अवैध देसी पिस्तौल, जबकि सौरभ के पास से एक प्रतिबंधित बटनदार चाकू बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों हथियारों के साथ उनकी मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली। इस संबंध में बदरपुर थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी नवीन वत्स पहले भी मारपीट और आपराधिक मामलों में शामिल रह चुका है। वहीं सौरभ के आपराधिक रिकॉर्ड की जांच की जा रही है।

Sumant Chaudhary