North West Police : दिल्ली पुलिस के उत्तर-पश्चिम जिले ने ऑपरेशन प्रहार के तहत 72 घंटे के भीतर अपराधियों पर बड़ी कार्रवाई करते हुए 34 मामलों का खुलासा किया और 3 घोषित अपराधियों (पीओ) समेत 44 आरोपियों को गिरफ्तार किया। इस दौरान 4 नाबालिगों और एक बौद्धिक दिव्यांग सहित 5 लापता लोगों को सुरक्षित तलाश कर उनके परिवारों से मिलाया गया। पुलिस ने हथियार, चोरी के वाहन, मोबाइल फोन, लूटी गई नकदी, अवैध शराब और जुआ की रकम भी बरामद की। यह अभियान डीसीपी आकांक्षा यादव के मार्गदर्शन में चलाया गया। एसीपी योगेंद्र खोखर, एसीपी सृष्टि भट्ट की निगरानी और एसएचओ तेजपाल सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मियों की टीम ने यह कार्रवाई की है।
बता दें कि सुभाष प्लेस थाना पुलिस ने दिनदहाड़े ई-रिक्शा से यात्री को खींचकर लूटने वाले तीन बदमाशों को वारदात के महज आठ घंटे के भीतर गिरफ्तार कर अपनी तेजी का परिचय दिया। एसआई अंकित मान की टीम ने आरोपियों के कब्जे से एक देसी कट्टा, जिंदा कारतूस और चोरी की महिंद्रा ड्यूरो स्कूटी बरामद की। 29 जुलाई को प्रेम बाड़ी पुल अंडरपास के पास हुई इस वारदात का इतने कम समय में खुलासा जिले की सबसे बड़ी उपलब्धियों में शामिल रहा। इसके अलावा अशोक विहार थाना पुलिस ने सेंधमारी के मामले में चोरी के सोने-चांदी के आभूषणों की शत-प्रतिशत बरामदगी की। मुखर्जी नगर, आदर्श नगर और महेंद्र पार्क थाना पुलिस ने स्नैचिंग के मामलों का खुलासा कर लूटे गए मोबाइल फोन, सोने का लॉकेट और चोरी की मोटरसाइकिल बरामद कीं।
वहीं, जिले की एएटीएस टीम ने दो अंतरराज्यीय वाहन चोरों को गिरफ्तार कर चोरी की मारुति ब्रेज़ा, होंडा एक्टिवा, देसी कट्टा और कारतूस बरामद किए। वहीं साइबर थाना पुलिस ने दो शातिर साइबर ठगों को दबोचा। इनमें एक वैवाहिक वेबसाइट के जरिए सेक्सटॉर्शन कर लोगों को निशाना बनाता था, जबकि दूसरे ने फर्जी यूपीआई के माध्यम से 4.01 लाख रुपये की धोखाधड़ी की थी। अवैध शराब के खिलाफ अभियान में 16 लोगों को गिरफ्तार कर 846 क्वार्टर शराब बरामद की गई, जबकि जुए के दो मामलों में 9 लोगों से 21,420 रुपये नकद और सट्टा सामग्री जब्त की गई।



Download Android App
Download iOS App




