Delhi News : उत्तर प्रदेश में नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में निवेश और नई परियोजनाओं की संभावनाओं को लेकर राजधानी लखनऊ में देश के प्रमुख ऊर्जा विशेषज्ञों, उद्योग प्रतिनिधियों और नीति निर्माताओं ने मंथन किया। भारत नवीकरणीय ऊर्जा शिखर सम्मेलन एवं प्रदर्शनी (बीआरई शिखर सम्मेलन) 2026 के छठे क्षेत्रीय रोडशो में उत्तर प्रदेश के साथ उत्तराखंड और बिहार के प्रतिनिधि भी शामिल हुए। कार्यक्रम में उत्तर भारत को देश के स्वच्छ ऊर्जा परिवर्तन का महत्वपूर्ण केंद्र बनाने पर जोर दिया गया।
उत्तर प्रदेश के ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि राज्य नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने के साथ निवेश, तकनीक और उद्योगों के लिए अनुकूल माहौल तैयार करने को प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्योग जगत, निवेशकों और स्वच्छ ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े हितधारकों को बीआरई शिखर सम्मेलन में शामिल होने का न्योता दिया। मंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश स्वच्छ ऊर्जा के बढ़ते अवसरों को निवेश और तकनीकी साझेदारी में बदलने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
सौर, जैव ऊर्जा और ग्रीन हाइड्रोजन पर जोर
ऊर्जा विभाग के अपर मुख्य सचिव डॉ. आशीष कुमार गोयल ने कहा कि सौर ऊर्जा, जैव ऊर्जा, ग्रीन हाइड्रोजन और इलेक्ट्रिक मोबिलिटी को बढ़ावा देने वाली नीतियों के चलते उत्तर प्रदेश नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में तेजी से अपनी स्थिति मजबूत कर रहा है। उन्होंने पारेषण ढांचे, ग्रीन एनर्जी कॉरिडोर, बड़े पैमाने की नवीकरणीय परियोजनाओं और पंप स्टोरेज क्षमता के विस्तार को राज्य के लिए अहम बताया। 31 जुलाई 2026 तक उत्तर प्रदेश में 8,906 मेगावाट की स्थापित नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता दर्ज की गई है।
इसमें 6,024 मेगावाट सौर ऊर्जा की हिस्सेदारी है। रोडशो में उत्तराखंड के जलविद्युत संसाधनों और बिहार में सौर व बायोमास ऊर्जा की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई। बीआरई शिखर सम्मेलन 2026 का आयोजन 2 से 5 नवंबर तक नई दिल्ली में किया जाएगा। इसके साथ अंतर्राष्ट्रीय सौर गठबंधन (आईएसए) असेंबली के नौवें सत्र और हरित हाइड्रोजन पर चौथे अंतर्राष्ट्रीय सम्मेलन का भी आयोजन होगा। इससे वैश्विक निवेशकों, नीति निर्माताओं, उद्योगों और तकनीकी विशेषज्ञों को एक मंच पर आने का अवसर मिलेगा।


Download Android App
Download iOS App




