नई दिल्ली : दिल्ली प्रदेश भाजपा कार्यालय में पत्रकार सम्मेलन को सम्बोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने मंगलवार को दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया पर आरोप लगाते हुए कहा कि उनके संरक्षण में पानी बेचा जा रहा है और जरूरतमंद लोगों को पानी तीन-तीन महीने तक नहीं मिल रहा है, लेकिन उनसे जबरन हर माह पानी देने के नाम पर पैसा वसूला जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जो लोग इस जबरन उगाही का विरोध करते हैं उनके घर में घुसकर मारपीट की जाती है और उनका पानी बंद कर दिया जाता है। इस पूरे घटनाक्रम की जांच होनी चाहिए और दोषियों को सजा मिलनी चाहिए। इस अवसर पर विधायक जगदीश प्रधान, पूर्व विधायक अनिल बाजपेई और मीडिया प्रमुख अशोक गोयल उपस्थित थे।
गुप्ता ने कहा कि पानी बेचने वाले गिरोह से दिल्ली जल बोर्ड के उपाध्यक्ष दिनेश मोहनिया की सांठ-गांठ का पता पूरे क्षेत्र को है, बड़े पैमाने पर पानी बेचा जा रहा है।
100 रुपए किलो प्याज खरीदने को मजबूर जनता
नेता विपक्ष विजेन्द्र गुप्ता ने मंगलवार को संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए कहा कि पिछले तीन महीनों के दौरान मुख्यमंत्री केजरीवाल के राजनीतिक प्रपंच के चलते आम आदमी की रसोई में रोजमर्रा प्रयोग होने वाली प्याज 80-100 रुपए के रिकॉर्ड दाम पर बिक रही है।
केन्द्र सरकार के बार-बार निवेदन के बावजूद मुख्यमंत्री अपने राजनीतिक खेल में इतनी बुरी तरह मशगूल रहे कि उन्होंने प्याज का बफर स्टाॅक नहीं बनाया और केन्द्र द्वारा सप्लाई की जाने वाली प्याज लौटा दी। उन्हें राजनीतिक दुर्भावना के चलते आम जनता के घरेलू बजट का ध्यान नहीं रहा।


Download Android App
Download iOS App



