पश्चिमी दिल्ली : द्वारका-नजफगढ़ मेट्रो लाइन का इंतजार कर रहे लाखों लोगों को बस कुछ और दिन इंतजार करना होगा। दिल्ली मेट्रो फेस तीन के इस अंतिम लाइन को समय पर शुरू करने के लिए बुधवार दिल्ली मेट्रो के रेल सुरक्षा आयुुक्त जनक कुमार गर्ग निरीक्षण करेंगे। संभावना है कि अगले कुछ दिनों में इसे मंजूरी भी मिल जाएगी।
इस लाइन को शुरू करने के लिए दिल्ली मेट्रो के तरफ से नजफगढ़, नंगली और द्वारका मेट्रो स्टेशन पर स्टाफ नियुक्त किया जा चुका है। 4.29 किलोमीटर लंबे इस ग्रे लाइन के संबंध में दिल्ली मेट्रो रेल कारपोरेशन के वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इस लाइन को शुरू करने की तैयारियां चल रही हैं। हमें उम्मीद है कि अगले कुछ दिनों में रेल मेट्रो संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) लाइन को मंजूरी दे देंगे।
तैयार हुए मेट्रो स्टेशन
ग्रे लाइन के तहत बनाए जा रहे द्वारका, नंगली व नजफगढ़ मेट्रो स्टेशन बनकर तैयार हो चुके हैं। इनमें कुछ बाहरी काम बाकी है जो अगले एक दो दिनों में पूरा हो जाएगा। अधिकारी ने बताया कि मेट्रो के तरफ से लगभग पूरा काम खत्म हो गया है।
लाखों लोगों को होगा फायदा
द्वारका-नजफगढ़ रूट शुरू होने के बाद लाखों लोगों को फायदा होगा। ग्रे लाइन का यह हिस्सा सीधे ब्लू लाइन को जोड़ेगा। लाइन के शुरू होने के बाद यात्री सीधा वैशाली और नोएडा तक की यात्रा कर सकेंगे।
ढांसा स्टैंड के लिए लंबा इंतजार
ग्रे लाइन के एक अन्य हिस्से के लिए एक साल और इंतजार करना होगा। नजफगढ़ से ढांसा स्टैंड मेट्रो स्टेशन प्रोजेक्ट को दिसंबर 2020 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है।


Download Android App
Download iOS App



