नई दिल्ली : आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह तीन सवालों के जवाब लेने के लिए सोमवार को भाजपा सांसद विजय गोयल के आवास जाएंगे। यह बात रविवार को संजय सिंह ने आप मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस में कही। सिंह ने कहा कि 30 अगस्त को हमने सांसद विजय गोयल को चिट्ठी लिखकर तीन सवालों के जवाब मांगे थे। 24 घंटे बीतने के बाद भी उनका अब तक कोई जवाब नहीं आया है।
हमने अपेक्षा की थी कि वह अपना जवाब जरूर भेजेंगे, लेकिन ऐसा नहीं हुआ। आज हमने उनसे फोन पर संपर्क भी साधा और एसएमएस भी किए लेकिन उन्होंने फोन तक नहीं उठाया। इसलिए अब हम अपने साथियों के साथ सोमवार को 11 बजे उनके सरकारी आवास अशोका रोड पर जाकर उनसे तीन बिंदुओं पर जवाब मांगेंगे।
हमने पत्र के माध्यम से सवाल पूछा था कि दिल्ली सरकार ने जो पानी के बकाया बिल माफ किए हैं, आप उसके पक्ष में है या विरोध में हैं? दूसरा जिन लोगों ने पानी का बिल नियम अनुसार भरा आप उनके पैसे वापस लौटाने की बात करते हैं, तो क्या आप अपने इस बार के घोषणा पत्र में इस बात को लिखेंगे कि भाजपा की सरकार बनने पर सभी के पैसे वापस लौटाए जाएंगे?
तीसरा जिन राज्यों में भाजपा की सरकार है उन राज्यों में जनता द्वारा जो पानी के बिल आज तक भरे गए हैं उनके पैसे भाजपा वापस लौटा दें, तब सवाल उठाएं तो तर्कसंगत है, नही तो जनता इस नौटंकी को समझेगी।


Download Android App
Download iOS App



