Delhi Crime News : नॉर्थ-ईस्ट जिले के साइबर थाना पुलिस ने आईजीआई एयरपोर्ट पर केबिन-क्रू की नौकरी दिलाने का झांसा देकर महिला से 3.03 लाख रुपये ठगने वाले आरोपी को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपी की पहचान 32 वर्षीय राजीव कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने उसके कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और कुछ दस्तावेज बरामद किए हैं। आरोपी ने खुद को आईजीआई एयरपोर्ट का कर्मचारी बताकर महिला के बेटे को केबिन-क्रू की नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। डीसीपी राहुल अलवाल ने बताया कि आरोपी को एसएचओ साइबर राहुल कुमार के नेतृत्व की टीम ने पकड़ा है।
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, शिव विहार निवासी सोमवती ने साइबर थाने में शिकायत दी थी। महिला ने पुलिस को बताया कि जुलाई 2024 में फेसबुक के जरिए उसकी एक व्यक्ति से पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान आरोपी ने खुद को आईजीआई एयरपोर्ट में कर्मचारी बताया और उसके बेटे को एयरपोर्ट पर केबिन-क्रू की नौकरी दिलाने का दावा किया। आरोपी ने महिला को अपने झांसे में लेने के बाद भर्ती प्रक्रिया शुरू करने की बात कही। इसके बाद उसने सिक्योरिटी डिपॉजिट, डॉक्यूमेंटेशन और अन्य औपचारिकताओं के नाम पर अलग-अलग समय पर रुपये मांगे। नौकरी मिलने की उम्मीद में महिला ने आरोपी के बताए तरीके से कुल 3,03,120 रुपये दे दिए।
सोशल मीडिया अकाउंट से पीड़ित को किया ब्लॉक
रकम लेने के बाद आरोपी ने न तो महिला के बेटे को नौकरी दिलाई और न ही उसके पैसे वापस किए। काफी समय तक इंतजार करने के बाद जब महिला ने आरोपी से संपर्क करने की कोशिश की तो उसने फेसबुक पर उसे ब्लॉक कर दिया। इसके बाद आरोपी ने फोन उठाना भी बंद कर दिया। खुद को ठगा महसूस करने के बाद महिला ने पुलिस से शिकायत की। शिकायत मिलने पर साइबर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस टीम ने आरोपी तक पहुंचने के लिए तकनीकी निगरानी और उपलब्ध डिजिटल जानकारी का विश्लेषण किया। जांच के दौरान मिले सुरागों के आधार पर पुलिस ने आरोपी राजीव कुमार को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि उसने इसी तरीके से अन्य लोगों को भी नौकरी का झांसा देकर ठगी की है या नहीं। साथ ही पुलिस उसके बैंक खातों और लेन-देन की भी जांच कर रही है।



Download Android App
Download iOS App




