युवक पर तलवार से हमला, हालत गंभीर

Summary :

नबी करीम इलाके में चचेरे भाई को बचाने के लिए पहुंचे युवक पर तीन बदमाशों ने तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया।

नई दिल्ली : नबी करीम इलाके में चचेरे भाई को बचाने के लिए पहुंचे युवक पर तीन बदमाशों ने तलवार से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। घायल युवक की पहचान ऋषिराज (27) के रूप में हुई है। ऋषिराज को उसकी चाची ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज जारी है। नबी करीम पुलिस ने पीड़ित ऋषिराज की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

ऋषिराज ने पुलिस को बताया कि उस पर आरोपी अंकुश, मनीष और अजय ने हमला किया था। पुलिस तीनों की तलाश में जुटी है। ऋषिराज अपने परिवार के साथ अमरपुरी, नबी करीम इलाके में रहता है। वह प्राइवेट जॉब करता है। ऋषिराज ने पुलिस को बताया कि रविवार शाम वह अपने घर पर था। उसी दौरान किसी ने शोर मचाकर बताया कि उसके चचेरे भाई अश्विनी को कुछ बदमाश काली मंदिर के पास पीट रहे हैं। 
अश्विनी  की मां शोर मचाते हुए मंदिर की ओर भागी। ऋषिराज भी मौके पर पहुंच गया। आरोपी अंकुश, मनीष और अजय अश्विनी को जमीन पर गिराकर बुरी तरह पीट रहे थे। ऋषिराज ने विरोध करते हुए उसे बचाया तो पीछे से अंकुश ने तलवार से ऋषिराज के ऊपर हमला कर दिया। 

Desk Team