Outer North District Crime News : आउटर नॉर्थ जिले की एंटी ऑटो थेफ्ट स्क्वॉड (एएटीएस) ने एक ही दिन में दो बड़ी कार्रवाई करते हुए सोशल मीडिया पर अवैध हथियार लहराने वाले युवक को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहिणी निवासी अमन सिंह (21) के रूप में हुई है। उसके कब्जे से एक लोडेड देसी पिस्तौल, एक जिंदा कारतूस और एक मोटरसाइकिल बरामद की गई। वहीं दूसरी कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे एक घोषित अपराधी (पीओ) को भी दबोच लिया गया।
डीसीपी शोभित डी. सक्सेना ने बताया कि एसीपी ऑपरेशन दिनेश कुमार की निगरानी और इंस्पेक्टर आनंद कुमार झा के नेतृत्व की टीम ने आरोपी को पकड़ा है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक युवक का अवैध हथियार लहराते हुए वीडियो वायरल हुआ था। वीडियो का संज्ञान लेते हुए एएटीएस ने तकनीकी निगरानी और मुखबिरों की मदद से आरोपी की पहचान की। 4 अगस्त को बदली सेक्टर-18 मेट्रो स्टेशन और बदली मेट्रो स्टेशन के बीच जाल बिछाया गया।
इसी दौरान स्प्लेंडर मोटरसाइकिल पर आते हुए संदिग्ध युवक को रोककर गिरफ्तार कर लिया गया।
तलाशी के दौरान आरोपी के पास से एक लोडेड देसी पिस्तौल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ। इस संबंध में समयपुर बादली थाने में आर्म्स एक्ट की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। इसी दिन एएटीएस की पीओ स्टाफ टीम ने दूसरी कार्रवाई में लंबे समय से फरार चल रहे घोषित अपराधी कासिम (31) को भी गिरफ्तार कर लिया। वह नरेला इंडस्ट्रियल एरिया थाने के वर्ष 2020 के लूट और मारपीट के मामले में अदालत द्वारा घोषित अपराधी था।
पुलिस के अनुसार कासिम के खिलाफ पहले से आठ आपराधिक मामले दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वालों और कानून से बचने की कोशिश कर रहे अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। तकनीकी निगरानी और खुफिया सूचना के आधार पर ऐसे अपराधियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है।



Download Android App
Download iOS App




