आम आदमी पार्टी की ओर से दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के विरोध में प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने के आह्वान के बाद पुलिस ने सात, लोक कल्याण मार्ग की सुरक्षा कड़ी कर दी है। एक अधिकारी ने मंगलवार को यह जानकारी दी। सात, लोक कल्याण मार्ग प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास है। पुलिस ने राष्ट्रीय राजधानी के कई अन्य इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी की है। दिल्ली यातायात पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि प्रदर्शन की वजह से नयी दिल्ली और मध्य दिल्ली के इलाकों में आवाजाही प्रभावित हो सकती है।
- APP की ओर से मंगलवार को PM आवास के घेराव करने का ऐलान किया है
- पुलिस ने सात, लोक कल्याण मार्ग की सुरक्षा कड़ी कर दी है
- सात, लोक कल्याण मार्ग प्रधानमंत्री का आधिकारिक आवास है
- पुलिस ने दिल्ली के कई अन्य इलाकों में भी सुरक्षा कड़ी की है
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
दिल्ली पुलिस के अधिकारी ने कहा, “सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किये गये हैं। हमने क्षेत्र में कानून एवं व्यवस्था बनाए रखने के लिए कई स्तर की सुरक्षा व्यवस्था की है।” उन्होंने बताया, “प्रधानमंत्री आवास के आसपास धारा 144 पहले से लागू है और किसी को भी प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी।” दिल्ली सरकार में मंत्री गोपाल राय ने केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ मंगलवार को प्रधानमंत्री आवास का घेराव करने की योजना का ऐलान किया था। राय ने यह भी कहा था कि राष्ट्रव्यापी स्तर पर बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा। प्रवर्तन निदेशालय ने अब रद्द की जा चुकी आबकारी नीति से जुड़े धनशोधन से संबंधित मामले में 21 मार्च को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। वह बृहस्पतिवार तक एजेंसी की हिरासत में हैं।
ED ने लगाए आरोप
केंद्रीय एजेंसी ने ‘आप’ के राष्ट्रीय संयोजक पर शराब व्यापारियों को लाभ देने के बदले में उनसे रिश्वत मांगने का आरोप लगाया है। ईडी ने केजरीवाल पर ‘आप’ नेताओं, मंत्रियों और अन्य व्यक्तियों के साथ मिलकर अब रद्द की जा चुकी नीति का सरगना और मुख्य साजिशकर्ता होने का भी आरोप लगाया है। इस बीच, दिल्ली यातायात पुलिस ने विरोध प्रदर्शन के मद्देनजर वाहनों की सुचारू आवाजाही के लिए सात मार्ग परिवर्तन बिंदु की व्यवस्था की है। एक अधिकारी ने कहा, प्रदर्शन के मद्देनजर लोग मंगलवार को कमाल अतातुर्क मार्ग, सफदरजंग रोड, अकबर रोड और तीन मूर्ति मार्ग से गुजरने से बचें।


Download Android App
Download iOS App





