क्राइम ब्रांच गौतमबुद्धनगर और थाना दादरी पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत गोवंश के मांस को भैंस के मांस के रूप में पैकिंग कर तस्करी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनकी पहचान फराज खान (जनरल मैनेजर, अलतबारक फ्रोजन फूड प्रा.लि.) और रेहान खान (मीट एक्सपोर्ट मैनेजर) के रूप में हुई है।
गिरफ्तारी के बाद आरोपियों से पूछताछ की गई, जिसमें यह पुष्टि हुई कि वे लावारिस पशुओं को चोरी-छिपे काटने और गोकशी करने वालों से मांस खरीदकर उसे भैंस के मांस के रूप में पैकिंग कर निर्यात करते थे। यह मांस कार्नीफ्रेश प्रा.लि. द्वारा अलतबारक फ्रोजन फूड प्रा,लि. से खरीदा गया था और एसपीजे कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। कोल्ड स्टोरेज में रखे मांस का परीक्षण करने पर यह प्रतिबंधित पाया गया।
मामले में थाना दादरी में केस दर्ज किया गया है। दोनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है। पुलिस के मुताबिक फराज खान पता, गांव रक्षा, थाना दिलदार नगर, जिला गाजीपुर, वर्तमान पता, सिविल लाइन, जनपद अलीगढ़ (जनरल मैनेजर, अलतबारक फ्रोजन फूड प्रा,लि.) और रेहान खान, निवासी दोधपुर मेडिकल रोड, थाना सिविल लाइन, जनपद अलीगढ़ (मीट एक्सपोर्ट मैनेजर) को गिरफ्तार किया गया है।
गौरतलब है कि कोल्ड स्टोरेज के अंदर प्रतिबंधित मांस को स्टोर कर अन्य मांस के साथ बाहर भेजे जाने की शिकायत पर पुलिस कोल्ड स्टोरेज की लगातार जांच कर रही है और इनसे जुड़े लोगों के नेटवर्क को भी खंगाल रही है। इससे पहले भी पुलिस गाजियाबाद में ऐसे कोल्ड स्टोरेज का भंडाफोड़ कर चुकी है।


Download Android App
Download iOS App



