PM नरेंद्र मोदी का भागलपुर दौरा, रेत कलाकार ने बनाई 20 फीट ऊंची कलाकृति

Summary :

PM नरेंद्र मोदी, PM किसान योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे

रेत कलाकार मधुरेंद्र कुमार ने सोमवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के भागलपुर दौरे को लेकर उनके स्वागत में रेत से कलाकृति बनाई है। इसकी ऊंचाई 20 फीट है। 50 टन रेत का इस्तेमाल करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की यह कलाकृति बनाई गई है। इसमें प्रधानमंत्री मोदी की विस्तृत छवि, राज्य की सांस्कृतिक विरासत और ‘भागलपुर में आपका स्वागत है’ संदेश अंकित है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोपहर भागलपुर पहुंचेंगे, जहां वह पीएम किसान योजना की 19वीं किस्त जारी करेंगे, जिसके तहत 9.7 करोड़ से अधिक किसानों को 21,500 करोड़ रुपये से ज्यादा की वित्तीय सहायता मिलेगी। प्रधानमंत्री मोदी का मुख्य उद्देश्य यह है कि किसानों को उनकी फसल का सही और बेहतर मूल्य मिले।

इसके लिए, 29 फरवरी 2020 को उन्होंने 10,000 किसान उत्पादक संगठनों (एफपीओ) के गठन और विकास के लिए एक योजना शुरू की, जो किसानों को उनके उत्पादों का उत्पादन और विपणन करने में मदद करती है। पांच साल के भीतर इस योजना के तहत 10,000 एफपीओ बन चुके हैं।

प्रधानमंत्री मोदी मोतिहारी में राष्ट्रीय गोकुल मिशन के तहत स्वदेशी नस्लों के लिए बनाए गए उत्कृष्टता केंद्र का भी उद्घाटन करेंगे। यहां पर उन्नत आईवीएफ तकनीक का उपयोग होगा, जिससे स्वदेशी नस्लों का विकास होगा और किसानों को इन तकनीकों के बारे में प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी बरौनी में दुग्ध उत्पाद संयंत्र का उद्घाटन करेंगे, जिसका उद्देश्य 3 लाख दुग्ध उत्पादकों को एक संगठित बाजार प्रदान करना है।

News Desk

News Desk is the editorial team of Punjab Kesari. This article is based on information provided by IANS.