Bhagwant Mann : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल दिल्ली शराब नीति मामले में जेल में बंद है और कई दिनों से कयास लगाया जा रहा था की पंजाब के सीएम भगवंत मान उनसे मिलने तिहाड़ जेल जा सकते हैं। आज पंजाब के मुख्यमंत्री दिल्ली के तिहाड़ जेल में आम आदमी पार्टी के संयोजक और दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने पहुंचे। इस दौरान उन्होंने जेल प्रशासन और केंद्र सरकार पर निशाना साधा।
Highlights:
- दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल से मिलने पहुंचे पंजाब सीएम भगवंत मान
- मिलने के बाद सीएम मान ने केजरीवाल की स्थिति को जेल में आतंकवादियों से बदतर बताया
- दिल्ली आबकारी मामले में तिहाड़ जेल में बंद सीएम केजरीवाल
दिल्ली के तिहाड़ जेल में सोमवार को अरविंद केजरीवाल से मुलाकात करने वाले पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने बाहर आने के बाद कहा कि दिल्ली सीएम के साथ वहां आतंकवादियों जैसा बर्ताव किया जा रहा है।
मुलाक़ात के दौरान थी शीशे की दीवार – मुख्यमंत्री भगवंत मान
पंजाब के मुख्यमंत्री ने संवाददाताओं से कहा, “केजरीवाल के साथ जेल अधिकारी आतंकवादियों जैसा व्यवहार कर रहे हैं। उन्हें बुनियादी सुविधाएं नहीं दी जा रही हैं। जब हम मिले तो मेरे और उनके बीच एक शीशे की दीवार थी।” सूत्रों के अनुसार कि दोनों के बीच मुलाकात जेल के ‘जंगला मुलाकात’ कमरे के दायरे में हुई। यह जगह कांच की दीवार से विभाजित है और दोनों तरफ इंटरकॉम सुविधाएं हैं।
आम मुलाक़ाती के तौर मिलने पहुंचे मान
जेल मैनुअल में उल्लिखित प्रोटोकॉल का पालन करते हुए, पंजाब के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल से मिलने के लिए एक आम विजिटर के रूप में तिहाड़ जेल में दाखिल हुए। मान ने पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि केजरीवाल ने लोगों से कहा है कि वे उनकी चिंता न करें।
आबकारी मामले में जेल में है बंद
कथित आबकारी नीति घोटाले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने 21 मार्च को केजरीवाल को गिरफ्तार किया था। वह तिहाड़ के जेल नंबर-2 में बंद हैं। उन्होंने पंजाब के मुख्यमंत्री समेत छह लोगों की सूची उपलब्ध कराई है। ईडी ने सीएम केजरीवाल को दिल्ली सरकार के अन्य मंत्रियों, आप नेताओं और अन्य व्यक्तियों की मिलीभगत से कथित आबकारी नीति घोटाले का मुख्य साजिशकर्ता करार दिया है।


Download Android App
Download iOS App



