‘बाहर शोर बहुत है हवाओं का, आंधियां आने को हैं,
हमने बड़ी मुश्किल से महफूज़ रखा है अपने दिल के चिरागों को
पहन रखे हैं लिबास हमने तेरे इरादों के,
तेरे ख्वाब के गहने क्यों चुनौती देते हैं, इन उधड़े हुए धागों को’
आखिरकार एक लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलांगिग-ए जर्नी ऑफ लव’ लोगों के बीच है और इस पुस्तक को लेकर देश-दुनिया में कौतुहल व चर्चाओं का बाजार गर्म है और यह बाजार में आते ही एक ‘बेस्ट सेलर’ है। सनद रहे कि पहले सोनिया की इस पुस्तक को ‘पेंगुइन’ छापने वाला था, जब ‘पेंगुइन’ पीछे हट गया तो ‘हार्पर कोलिंस’ ने इस मौके को लपक लिया।
इस पुस्तक को अमेरिका में ‘अल्फ्रेड ए नॉफ’, ब्रिटेन में ‘विलियम कॉलिंस’ और भारत में ‘हार्पर कॉलिंस’ ने प्रकाशित किया है। अब इस आत्मकथा की अवधारणा को लेकर भी अलग-अलग किस्से कहे-सुने जा रहे हैं, पर अगर आपको याद हो तो जब जुलाई 2014 में पूर्व विदेश मंत्री नटवर सिंह की आत्मकथा ‘वन लाइफ इज नॉट एनफ’ रिलीज़ हुई थी तो इस मौके पर सोनिया ने कुछ इन शब्दों में अपने उद्गार व्यक्त किए थे ‘सच्चाई सामने लाने का यही एकमात्र तरीका है’ यानी कि इसे व्यक्त करने के लिए कोई अपनी आत्मकथा लिखे और अपने इस कथ्य को मूर्त रूप देने में सोनिया को कोई बारह साल लग गए।
जब सोनिया के मन में इस पुस्तक ने आकार लेना शुरू किया तो इस बारे में उन्होंने अपने एक सलाहकार या एजेंट (जो प्रकाशन जगत के एक जाने-पहचाने नाम हैं) डेविड गॉडविन से बात की और इस पुस्तक की संकल्पनाओं को लेकर उनकी डेविड से एक लंबी चर्चा हुई। फिर डेविड ने उनकी एक आत्मकथा की मूल प्रति को संयोजित, संपादित व बेहतर भाषाई कलेवर देने के लिए एक ब्रिटिश लेखक व इतिहासकार पैट्रिक रोलो बेसिल फ्रेंच का नाम सुझाया जो एक नामचीन शिक्षाविद भी थे, जिन्होंने नोबेल पुरस्कार विजेता वीएस नॉयपाल की अधिकृत जीवनी ‘द् वर्ल्ड इज व्हाट इट इज’ लिखी थी जो 2008 में प्रकाशित हुई थी और पैट्रिक फ्रेंच की इस पुस्तक को अमेरिका का प्रतििष्ठत ‘नेशनल बुक क्रिटिक्स सर्कल अवार्ड’ से भी नवाजा गया। पैट्रिक फ्रेंच भारत को बेहतर जानते थे, वे तिब्बत सपोर्ट ग्रुप यूके की कार्यकारी समिति में थे और अंतर-सरकारी भारत-यूके गोलमेज़ सम्मेलन के संस्थापक सदस्य भी रह चुके थे।
जब वे सोनिया के संपर्क में आए तो सोनिया उनकी सहज़ता व विलक्षणता की कायल हो गईं और ‘बिलांगिग’ की यात्रा यहां से शुरू हो गई, पर अफसोस की बात यह रही कि अचानक से फ्रेंच गंभीर रूप से बीमार पड़ गए, जब तक इस बात का पता चलता कि उन्हें कैंसर है, इसी असाध्य बीमारी ने 16 मार्च 2023 में फ्रेंच को हमेशा के लिए सबसे छीन लिया। फ्रेंच का यूं असमय चले जाना सोनिया और उनके एजेंट डेविड गॉडविन के लिए किसी सदमे से कम न था। कुछ दिनों तक एक स्थितप्रज्ञता की स्थिति बनी रही, फिर गॉडविन ने सोनिया का परिचय न्यूयॉर्क की एडिटर रॉबिन डेसर से करवाया, यह महिला भी एक विलक्षण प्रतिभा की धनी थी। सोनिया को भी उनका साथ रास आने लगा, पर सोनिया ने कहीं पहले अपनी लेखन व संपादकीय टीम में गांधी परिवार के पुराने वफादार व एक मंझे पत्रकार रह चुके सुमन दुबे और उनकी पत्नी मंजुलिका दुबे को शामिल कर रखा था, मंजुलिका उर्फ मंजु दुबे इससे पहले भी सोनिया के साथ दो पुस्तकों ‘राजीव’ और ‘राजीव्स वर्ल्ड’ पर काम कर चुकी थीं।
क्या था सुमन दुबे का आइडिया
सुमन दुबे एक मंझे हुए पत्रकार होने के अलावा राजीव गांधी के स्कूली दिनों के अभिन्न मित्रों में शुमार होते थे, जब राजीव अपनी मां इंदिरा गांधी की असमय मृत्यु के बाद महज़ 40 वर्ष की उम्र में एक अभूतपूर्व बहुमत के साथ देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री बने तो दुबे को उनके सलाहकारों की मंडली में सबसे ऊपर रखा जाता था। इतना ही नहीं जब राजीव देश के प्रधानमंत्री बने तो उन्होंने अपने मित्र सुमन दुबे को अपना मीडिया सलाहकार नियुक्त कर लिया। राजीव के असमय निधन के बाद भी दुबे और उनकी पत्नी की गांधी परिवार के साथ इतनी निकटता बदस्तूर कायम रही। सो, जब सोनिया ने सुमन व मंजु के साथ अपनी आत्मकथा वाला प्रोजेक्ट डिस्कस किया तो सुमन ने सबसे पहले इस पुस्तक की मूल अवधारणाओं का ताना-बाना बुना और सोनिया के साथ बैठ कर सबसे पहले उन्होंने इस पुस्तक के अलग-अलग अध्यायों का निर्धारण किया, फिर कथा शिल्प का संयोजन हुआ, पहला ड्राफ्ट ही कोई ढाई सौ से तीन सौ पृष्ठों के बीच का था। इस ड्राफ्ट में देश, समाज, संस्कृति व भारतीय मूल्यों और देश की अलग राजनैतिक विचारधाराओं को लेकर सुमन की एक गहरी समझ झलकती थी। चूंकि पुस्तक का शीर्षक ‘बिलांगिग’ पहले से तय था तो सुमन की राय थी कि इस शीर्षक को भारत के संदर्भ में रूपायित किया जाए कि भारत की सभ्यता व संस्कृति कितनी समावेषी है कि इसने एक बाहर की देष से आईं महिला को भी उतनी सहज़ता व पूरे मन से अंगीकार कर लिया।
सुमन दुबे ने सोनिया के व्यक्तित्व को लेकर ड्राफ्ट तैया किया। कहते हैं जब इस फर्स्ट ड्राफ्ट को सोनिया ने राहुल व प्रियंका को दिखाया तो दोनों ही इस पुस्तक की अभिव्यक्ति, भाव-प्रवणता, दार्शनिक अंदाज, भाषाई संपन्नता के कायल हो गए और इन्होंने कहा कि फर्स्ट ड्राफ्ट का कलेवर नेहरू जी के ‘डिस्कवरी ऑफ इंडिया’ के अंदाजेबयां की याद दिलाता है, बाद में क्लास रीडर से आम आदमी की पहुंच को परख कर पुस्तक फाइनल हुई। राहुल व प्रियंका ने संग बैठ कर एक चेक लिस्ट तैयार की और अपनी मां से कहा कि ‘उन्हें अपनी आत्मकथा में अभी किन किस्सों को और जगह देनी है, किन हिस्सों को संपादित करना है और किन अंशों को हटाना है।’ कहते हैं सोनिया ने अपने बच्चों की राय को सर्वोपरि रखते उनके सुझावों पर अमल करते हुए एक और ड्राफ्ट पर काम करना शुरू कर दिया।
प्रकाशक क्या चाहते थे?
सूत्रों की मानें तो हार्पर कोलिंस भी अपने पूर्ववर्ती पेंगुइन के ऐन वक्त के वाकआउट को किंचित बहुत गंभीरता से ले रहा था। सूत्र बताते हैं कि सोनिया की पुस्तक का एक पूरा चैप्टर ही सरकार के 12 साल के कामकाज के आकलन पर आधारित था। कहते हैं प्रकाशकों की ओर से सोनिया को कहा गया कि वे किसी किस्म के रिस्क उठाने को तैयार नहीं हैं, पुस्तक के भारतीय बाज़ार में आने को लेकर प्रकाशक बिक्री को लेकर कसौटी पर परख रहे थे। लिहाजा सरकार के टर्म से जुड़े उस चैप्टर को हटा लिया गया तथा सरकार के बारे में बस कहने भर को कुछ कह दिया गया। वहीं दूसरी ओर प्रकाशक के संपादकीय विभाग की राय थी कि सोनिया को अपनी पुस्तक में कुछ विवादित मुद्दों को भी छूना चाहिए और उस बारे में अपना पक्ष रखना चाहिए। जैसे बोफोर्स, क्वात्रोच्चि, सीताराम केसरी, नरसिम्हा राव से अनबन आदि।
इसके अलावा प्रकाशक चाहते थे कि सोनिया अपने पुत्र राहुल के राजनैतिक अभ्युदय व पराभव को लेकर भी एक पूरा चैप्टर लिखे कि राहुल की इस पूरी राजनैतिक यात्रा को उन्होंने एक मां के तौर पर कैसे देखा है? पर सोनिया ने ऐसा कुछ कहने या लिखने से दो टूक मना कर दिया। इसके बाद राहुल व प्रियंका ने अपने मां को राय दी कि मौजूदा या पूर्व कांग्रेस जनों के प्रति कुछ तीखा या आलोचनात्मक कहने-लिखने का कोई फायदा नहीं, क्योंकि इससे पार्टी कैडर में यह संदेश जाएगा कि ‘हम अपने लोगों को भी बख्शते नहीं।’ सो इन कांग्रेस जनों के बारे में अपनी राय को सोनिया ने बेहद संक्षिप्त व सरल बना दिया। इन सबके बावजूद यह एक बड़ा चैलेंज था कि इतने के बावजूद पुस्तक को कैसे बाज़ार में आते ही चर्चा में रखा जाए तो इसके लिए गांधी परिवार के ही कुछ चेहरों की शिनाख्त कर ली गई और उनके किस्सों को ही चमकदार बनाया गया।
क्या पीके से हाथ मिलाएंगे तेज प्रताप?
लालू यादव के बड़े पुत्र तेज प्रताप यादव भले सियासी दौड़ में अपने छोटे भाई तेजस्वी यादव से पीछे रह गए हों, पर बिहार की राजनीति की मुख्यधारा में वापिस आने के लिए वे खूब हाथ-पैर मार रहे हैं। पिछले दिनों जब वे बतौर एक प्रतिभागी टीवी रियलटी शो ‘राइज़ एंड फॉल’ का हिस्सा बने तो अपने कार्य-कलापों व अंदाज़े बयां की वज़ह से उन्होंने खूब सुर्खियां बटोरी। वे अपनी मां राबड़ी देवी के आंखों के तारे हैं, पर उनके पिता व बिहार के एक बड़े सियासी धुरंधर लालू यादव का यकीन उनसे कहीं ज्यादा उनके छोटे भाई तेजस्वी यादव में है। सो, पिता ने अपनी पार्टी ‘राष्ट्रीय जनता दल’ की बागडोर न सिर्फ अपने छोटे बेटे तेजस्वी के हवाले कर दिया, बल्कि बाद के घटनाक्रम में तेज प्रताप का पार्टी व घर निकाला भी हो गया। इसके बाद उन्होंने अपनी एक अलग राजनैतिक पार्टी ‘जनशक्ति जनता दल’ का गठन कर लिया और हैरत की बात तो यह है 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते उनके पिता लालू यादव ने ही अपने ‘एक्स’ हैंडल पर एक पोस्ट लिख कर उन्हें छह साल के लिए पार्टी से निलंबित कर दिया।
अभी पिछले दिनों जब तेज प्रताप एक टीवी शो के सिलसिले में मुंबई में थे तो कहते हैं वहां उनकी मुलाकात जन सुराज पार्टी के सुप्रीमो प्रशांत किशोर से हुई। कहा जाता है कि पीके ने तेज प्रताप से अपनी पार्टी जनशक्ति जनता दल का विलय जन सुराज में करने का ऑफर दिया बदले में उन्हें जन सुराज का राष्ट्रीय संयोजक बनाने की बात कही। कहते हैं जब इस बात की खबर लालू परिवार को हुई तो दोनों भाईयों में सुलह करवाने के प्रयास तेज हो गए। 9 नवंबर को तेजस्वी का बर्थडे आता है, इस दफे जब वे अपना बर्थडे केक काट रहे थे तो इस मौके पर लालू-राबड़ी के साथ तेज प्रताप की मौजदूगी राजनैतिक पंडितों को हैरान कर गई, जो कहीं न कहीं इस बात की ओर संकेत हैं कि अब लालू-राबड़ी िशद्दत से चाहते हैं कि ‘आपसी कड़ुवाहट व मनमुटाव को भुला कर पार्टी हित में दोनों भाई फिर से एक हो जाएं।’
क्यों बदला सोनिया की किताब का प्रारूप?
Summary :
‘बाहर शोर बहुत है हवाओं का, आंधियां आने को हैं, हमने बड़ी मुश्किल से महफूज़ रखा है अपने दिल के चिरागों को पहन रखे हैं लिबास हमने तेरे इरादों के, तेरे ख्वाब के गहने क्यों चुनौती देते हैं, इन उधड़े हुए धागों को’ आखिरकार एक लंबे इंतजार के बाद कांग्रेस की शीर्ष नेता सोनिया गांधी की आत्मकथा ‘बिलांगिग-ए जर्नी ऑफ लव’ लोगों के बीच है और इस पुस्तक को लेकर देश-दुनिया में कौतुहल व चर्चाओं का बाजार गर्म है और यह बाजार में आते ही एक ‘बेस्ट सेलर’ है। सनद रहे कि पहले सोनिया की इस पुस्तक को ‘पेंगुइन’ छापने…


Download Android App
Download iOS App



