मोदी का ब्रह्मास्त्र

Summary :

केन्द्र की मोदी सरकार ने अंततः संसद का सत्र बुला ही लिया। लोकसभा के लिए 30 नवम्बर और राज्यसभा के लिए 2 दिसम्बर को सत्र प्रस्तावित है। इसके साथ ही एक बार फिर से परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक की चर्चा तेज हो गई है। केन्द्र सरकार ने अप्रैल महीने में लोकसभा में यह विधेयक पेश किए थे लेकिन दो तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सके थे। परिसीमन और उत्तर-दक्षिण राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था लेकिन ऐसा लगता है कि एनसीपी शरद गुट और वाई.एस.आर.…

केन्द्र की मोदी सरकार ने अंततः संसद का सत्र बुला ही लिया। लोकसभा के लिए 30 नवम्बर और राज्यसभा के लिए 2 दिसम्बर को सत्र प्रस्तावित है। इसके साथ ही एक बार फिर से परिसीमन और महिला आरक्षण विधेयक की चर्चा तेज हो गई है। केन्द्र सरकार ने अप्रैल महीने में लोकसभा में यह विधेयक पेश किए थे लेकिन दो तिहाई बहुमत नहीं मिलने के कारण पारित नहीं हो सके थे।

परिसीमन और उत्तर-दक्षिण राज्यों के बीच सीटों के बंटवारे का मुद्दा सरकार के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था लेकिन ऐसा लगता है कि एनसीपी शरद गुट और वाई.एस.आर. कांग्रेस के समर्थन के बाद सरकार ने बहुमत का आंकड़ा जुटा लिया है या वह उसके करीब पहुंच चुकी है। संसद का मानसून सत्र 13 अगस्त को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित होने के बावजूद सत्रावसान नहीं किया गया था। 100 दिन से अधिक दिनों का अंतराल बीत जाने पर संसद सत्र फिर से बुलाए जाने की खबर आई है। इस तरह 2008 में दर्ज 87वें दिन का पुराना उदाहरण कहीं पीछे छूट गया है।

सत्रावसान का यह विलम्ब केवल प्रक्रियागत सुविधा नहीं बल्कि संसदीय परम्पराओं और जनप्रतिनिधियों के अधिकारों की कसौटी भी बन गया है। संसद इतिहास में ऐसे ऐतिहासिक उदाहरण मिलते हैं जिसमें पद्धति और प्रक्रिया का उल्लेख है। वर्ष 1987 में लोकसभा 12 मई को अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हुई थी और 27 जुलाई को पुनः बैठी। वर्ष 2008 में चौदहवीं लोकसभा का पहला चरण 22 जुलाई को स्थगित हुआ था और अगला चरण 17 ​अक्तूबर को शुरू हुआ था। इन तिथियों के बीच 87 दिनों का अंतराल था।

संविधान में अनिश्चितकालीन स्थगन के बाद सत्रावसान की कोई निश्चित समय सीमा नहीं है। इसलिए विलम्ब की अवधि को लेकर संवैधानिक उल्लंघन नहीं माना जा सकता लेकिन इस बार अवधि काफी लम्बी हो गई इसके पीछे निश्चित रूप से राजनीतिक उद्देश्य है। वर्तमान प्रकरण को महिला आरक्षण और परिसीमन से जुड़े विधेयकों के संदर्भ में ही देखा जा रहा था। बता दें कि 131वें संविधान संशोधन विधेयक में लोकसभा के सदस्यों की संख्या 850 करने और 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण का प्रस्ताव था।

विधेयक को पारित कराने के लिए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने आखिरी समय में सभी राज्यों की लोकसभा सीटों में 50 फीसदी समानुपातिक बढ़ौतरी का प्रस्ताव भी दिया था। हालांकि, विपक्ष अपने विरोध पर कायम रहा और विधेयक जरूरी समर्थन नहीं जुटा सका। सत्तापक्ष ने विधेयक के गिरने के बाद विरोध प्रदर्शन किया, जबकि विपक्ष का कहना था कि वह महिला आरक्षण के पक्ष में है, लेकिन परिसीमन की प्रक्रिया और सरकार की मंशा पर उसे आपत्ति है। इनका उद्देश्य महिला आरक्षण को अगली जनगणना से अलग करना और 2011 की जनगणना के आधार पर परिसीमन से जोड़ना था।

इसके साथ ही राज्यों को कितनी सीटें मिलेंगी। किन निर्वाचन क्षेत्रों को महिलाओं के लिए आरक्षित किया जाएगा और निर्वाचन क्षेत्रों की सीमाएं क्या होंगी, इसका निर्धारण परिसीमन आयोग को करना था। अब जबकि केन्द्रीय मंत्रिमंडल ने परिसीमन में बदलाव कर सभी राज्यों की 50 फीसदी सीटें बढ़ाने और इसे 25 वर्ष के लिए फ्रीज करने का प्रावधान कर दिया है, इसके बाद दक्षिण भारतीय राज्यों की चिन्ता दूर हो सकती है।

परिसीमन को लेकर सबसे बड़ा विवाद उत्तर और दक्षिण भारत के सीटों के बंटवारे को लेकर था। इस पर विपक्षी नेताओं का तर्क है कि जनसंख्या के आधार पर सीटों का पुनर्निर्धारण होने पर उत्तर भारत के राज्यों को अधिक सीटें मिल सकती हैं, जबकि जनसंख्या नियंत्रण में बेहतर प्रदर्शन करने वाले दक्षिण भारतीय राज्यों का लोकसभा में प्रतिनिधित्व अपेक्षाकृत कम हो सकता है। परिसीमन विधेयक का दक्षिण भारत की पार्टियों ने विरोध किया था। उनका कहना है कि उन्होंने जनसंख्या नियंत्रण के लिए बेहतर प्रयास किए हैं और देश की अर्थव्यवस्था में भी उनका बड़ा योगदान है। ऐसे में केवल जनसंख्या के आधार पर सीटों का बंटवारा करना उनके साथ अन्याय हो सकता है।

दक्षिणी राज्यों का देश की जीडीपी में योगदान करीब 30 से 31 फीसदी बताया जाता है। हालांकि दक्षिण भारत के राज्यों के नेताओं की आशंका को दूर करने के लिए सरकार ने तर्क भी दिया। मोदी सरकार ने कहा कि सभी राज्यों की सीटों में समान रूप से 50 फीसदी बढ़ौतरी की जाएगी। नरेन्द्र मोदी की सरकार ने ब्रह्मास्त्र छोड़ दिया है। भाजपा नेतृत्व को भरोसा है कि एनसीपी शरद पवार और तमिलनाडु की क्षेत्रीय पार्टी द्रमुक का समर्थन मिल जाएगा। तृणमूल कांग्रेस और शिवसेना से अलग हुए गुट पहले ही विधेयक का समर्थन कर चुके हैं।

द्रमुक ने संकेत दिए हैं कि यदि लोकसभा में तमिलनाडु की मौजूदा हिस्सेदारी करीब 7.18 फीसदी बनाए रखने की गारंटी मिलती है तो वह विधेयक का समर्थन कर सकती है। एनसीपी शरद पवार से भी लगातार भाजपा नेतृत्व का सम्पर्क बना है। सरकार के सामने समर्थन जुटाने के दो रास्ते हैं। पहला विपक्षी दलों के सांसदों को विधेयक के पक्ष में लाना दूसरा रास्ता मतदान के समय विपक्षी सदस्यों की गैर मौजूदगी का हो सकता है।

अगर कुछ विपक्षी सांसद मतदान में हिस्सा नहीं लेते तो सदन में मतदान करने वाले सदस्यों की संख्या घट जाएगी। इससे दो तिहाई बहुमत हासिल करने के लिए जरूरी वोट भी कम हो जाएंगे। सरकार के ब्रह्मास्त्र के आगे विपक्ष का तरकश खाली नजर आ रहा है, जो उसके लिए बड़ा आघात है।

Aditya Chopra

Aditya Chopra is well known for his phenomenal viral articles.