5 Ways to Wear Shawl: अलमारी में रखे पुराने शॉल को फेंकने की गलती न करें, सर्दियों में 5 नए अंदाज में पहनकर दिखें स्टाइलिश

Summary :

सर्दियों में पुराने शॉल को नया और स्टाइलिश लुक देने के लिए आप उसे कई अलग-अलग तरीकों से पहन सकती हैं। बेल्ट के साथ शॉल कैरी करने से लेकर उसे जैकेट और स्कार्फ की तरह स्टाइल करने तक, ये 5 आसान फैशन टिप्स आपके पुराने शॉल को नया अंदाज दे सकती हैं। जानें सर्दियों में पुराने शॉल को फैशनेबल तरीके से पहनने के आसान टिप्स।

5 Ways to Wear Shawl: ठंड के दिन आते ही घर की अलमारी से स्वेटर, जैकेट और शॉल बाहर निकलने लगते हैं। पर कई बार होता यूं है कि कोई पुरानी शॉल हाथ लगती है तो मन उचट जाता है। किसी को उसका प्रिंट पुराना लगता है, तो किसी को लगता है कि आजकल के कपड़ों के साथ इसे कैसे मैच करें। खासकर कॉलेज जाने वाली लड़कियां या यंग महिलाएं शॉल ओढ़ने से बचती हैं क्योंकि उन्हें लगता है कि इससे लुक थोड़ा ज्यादा पारंपरिक या भारी लग सकता है।

अच्छी बात यह है कि हर सर्दी नया सामान खरीदने की ज़रूरत नहीं पड़ती। अगर आप शॉल ओढ़ने का तरीका थोड़ा बदल लें, तो सालों पुरानी शॉल भी बिल्कुल ताज़ा और स्टाइलिश लग सकती है। बॉलीवुड की हसीनाओं से लेकर आम लड़कियों तक, सही स्टाइलिंग हर चीज़ को नया रूप दे देती है।

 बेल्ट के साथ पहनें शॉल, मिलेगा मॉडर्न लुक

shawl with belt styling ideas
shawl with belt styling ideas ( Source: Social Media)

अगर आप शॉल को बार-बार संभालने से परेशान रहती हैं तो इसे बेल्ट के साथ पहनना अच्छा आइडिया है। शॉल को कंधों पर डालें और कमर के पास एक स्टाइलिश बेल्ट लगा लें। इससे शॉल अपनी जगह पर रहेगा और आपका लुक भी काफी स्मार्ट लगेगा। आप इसे कुर्ती, लॉन्ग ड्रेस या फिर सादे स्वेटर के साथ पहन सकती हैं। पतली बेल्ट या चौड़ी बेल्ट, दोनों ही शॉल के साथ अच्छी लग सकती हैं। इस तरीके से आप ऑफिस जाते समय या किसी छोटी पार्टी में भी अपने पुराने शॉल को पहन सकती हैं।

 एक कंधे पर डालकर बनाएं स्टाइलिश लुक

single shoulder shawl look winter
single shoulder shawl look winter ( Source: Social Media)

शॉल को दोनों कंधों पर सामान्य तरीके से डालने के बजाय इस बार एक कंधे पर कैरी करें। इससे आपके कपड़ों को एक नया अंदाज मिलेगा। अगर शॉल थोड़ा भारी या डिजाइन वाला है तो यह तरीका और भी अच्छा लगेगा। इसे जींस और टॉप, सूट या सिंपल कुर्ती के साथ पहन सकती हैं। एक कंधे पर शॉल डालने से आपका लुक ज्यादा अट्रैक्टिव दिखता है और आपको बार-बार शॉल को ठीक करने की जरूरत भी नहीं पड़ेगी।

शॉल को जैकेट की तरह पहनें

shawl like a jacket styling ideas
shawl like a jacket styling ideas ( Source: Social Media)

पुराने शॉल को जैकेट की तरह पहनना भी काफी आसान और फैशनेबल तरीका है। शॉल को दोनों कंधों पर डालकर आगे की तरफ खुला रखें। चाहें तो इसके दोनों सिरों को हल्का सा पिन कर लें, ताकि यह जैकेट जैसा लुक दे। इस स्टाइल को जींस, ट्राउजर या लॉन्ग बूट्स के साथ ट्राई कर सकती हैं। खासकर अगर आपके पास बड़े आकार का शॉल है तो यह तरीका आपके लिए काफी अच्छा रहेगा। ठंड से बचने के साथ-साथ आपको एक अलग आउटफिट वाला लुक भी मिल जाएगा।

गर्दन पर स्कार्फ की तरह लपेटें

Shawl as Scarf Style
Shawl as Scarf Style ( Source: Social Media)

अगर आपका शॉल हल्का और छोटा है तो उसे स्कार्फ की तरह इस्तेमाल कर सकती हैं। शॉल को गर्दन के आसपास लपेटकर उसके दोनों सिरों को आगे रखें या एक सिरा पीछे की तरफ डाल दें। यह स्टाइल स्वेटर, कोट और जैकेट के साथ काफी अच्छा लगता है। इससे गर्दन को ठंड से बचाने में भी मदद मिलती है और आपका लुक भी थोड़ा अलग नजर आता है। आप शॉल के रंग के हिसाब से अपने कपड़े चुन सकती हैं।

शॉल को सामने से पिन करके पहनें

Shawl Pin Styling Ideas
Shawl Pin Styling Ideas ( Source: Social Media)

अगर आप चाहती हैं कि शॉल पूरे दिन अपनी जगह पर रहे तो उसे सामने से एक सुंदर ब्रोच या सेफ्टी पिन की मदद से सेट कर सकती हैं। इससे शॉल खुलकर नीचे नहीं गिरेगा और आपको बार-बार उसे संभालना भी नहीं पड़ेगा। किसी सादे शॉल पर खूबसूरत ब्रोच लगाने से उसका लुक भी बदल सकता है। इस तरीके को आप साड़ी, सूट या वेस्टर्न कपड़ों के साथ भी आजमा सकती हैं।

इस सर्दी अपने पुराने शॉल को बेकार समझकर अलमारी में न रखें। पहनने का तरीका थोड़ा बदलकर आप उसी शॉल से कई नए लुक तैयार कर सकती हैं। इससे आपके पैसे भी बचेंगे और हर बार कपड़ों में कुछ नया करने का मौका भी मिलेगा।

Read More: Velvet Dresses For Winter Weddings: सर्दियों की शादियों के लिए बेस्ट हैं ये 5 वेलवेट ड्रेसेज..

Mahima Bhardwaj

महिमा भारद्वाज पिछले एक साल से पत्रकारिता और डिजिटल मीडिया के क्षेत्र में बतौर कंटेंट राइटर काम कर रही हैं। उन्होंने अपने करियर की शुरुआत Hindustan Times में की, जहाँ उन्होंने डिजिटल प्लेटफॉर्म के लिए एंटरटेनमेंट, लाइफस्टाइल और ट्रेंडिंग टॉपिक्स से जुड़ा कंटेंट लिखा। इस दौरान उन्हें न्यूज़ रिसर्च, कंटेंट राइटिंग, हेडलाइन ड्राफ्टिंग और SEO फ्रेंडली आर्टिकल्स तैयार करने का व्यावहारिक अनुभव मिला। महिमा को बॉलीवुड से जुड़ी खबरें, फिल्म रिव्यू, सेलेब्रिटी अपडेट्स और एंटरटेनमेंट ट्रेंड्स पर लिखना पसंद है। कंटेंट राइटिंग के साथ-साथ उन्हें इंटरव्यू और मीडिया से जुड़े कामों में भी रुचि है। फिलहाल महिमा भारद्वाज Punjab Kesari में Bollywood Writer के रूप में काम कर रही हैं।