अमृतसर में नशा तस्करों पर पुलिस-BSF ने ऐसे कसा शिकंजा? 16 किलो से ज्यादा हेरोइन, ड्रोन और पिस्तौल बरामद

Summary :

पंजाब के अमृतसर में पुलिस और BSF ने नशा व हथियार तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। अलग-अलग इलाकों में तलाशी के दौरान 16 किलो 308 ग्राम हेरोइन, 1 किलो 330 ग्राम अफीम, एक पाकिस्तानी ड्रोन, पांच पिस्तौल, मैगजीन और कारतूस बरामद किए गए। पुलिस ने आरोपियों को गिरफ्तार कर जांच शुरू कर दी है।

पंजाब/अमृतसर: पंजाब के अमृतसर में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास नशा तस्करी और हथियारों की सप्लाई करने वाले नेटवर्क के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ा एक्शन लिया है। अमृतसर ग्रामीण पुलिस और सीमा सुरक्षा बल (BSF) ने अलग-अलग इलाकों में सर्च ऑपरेशन  चलाकर भारी मात्रा में नशीले पदार्थ और हथियार बरामद किए हैं। इन कार्रवाइयों में कुल 16 किलो 308 ग्राम हेरोइन, 1 किलो 330 ग्राम अफीम, एक पाकिस्तानी ड्रोन और पांच पिस्तौल जब्त की गई हैं। इसके अलावा बड़ी संख्या में मैगजीन और जिंदा कारतूस भी मिले हैं। पुलिस ने इन मामलों में 4 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि बरामद नशीले पदार्थ और हथियार कहां से भेजे गए थे और इनके पीछे कौन लोग शामिल हैं।

मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सबसे बड़ी बरामदगी भिंडी सैदा थाना क्षेत्र में BSF पोस्ट फतेहपुर के पास हुई। यहां तलाशी के दौरान हेरोइन के 12 पैकेट मिले, जिनका वजन 6 किलो 712 ग्राम था। शुरुआती जांच में आशंका जताई गई कि यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजी गई थी। मौके से एक ड्रोन भी बरामद हुआ है।

लोपोके में दो जगहों से मिली हेरोइन और अफीम

अमृतसर के लोपोके इलाके में भी पुलिस और BSF ने कई जगहों पर कार्रवाई की। पहली कार्रवाई में पुलिस ने दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया। उनके पास से 4 किलो हेरोइन और 800 ग्राम अफीम बरामद की गई। इसके बाद सुरक्षा टीमों ने इलाके की लिंक रोड के पास तलाशी अभियान चलाया। यहां से 5 किलो हेरोइन की एक और खेप मिली। यह खेप लावारिस हालत में पड़ी हुई थी। पुलिस ने इस मामले में एक अन्य आरोपी को भी गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से 530 ग्राम अफीम बरामद हुई। इन बरामदगियों के बाद पुलिस अब यह जांच कर रही है कि इलाके में नशीले पदार्थों की सप्लाई कौन कर रहा था और तस्करी का नेटवर्क किन लोगों से जुड़ा हुआ है।

लोपोके इलाके में ही BSF ने एक विशेष अभियान चलाकर हथियारों का जखीरा बरामद किया। तलाशी के दौरान सुरक्षाबलों को चार पिस्तौल, आठ मैगजीन और 100 जिंदा कारतूस मिले। इसके अलावा घरिंडा इलाके में भी सुरक्षा एजेंसियों को एक खेत से संदिग्ध पैकेट मिला। जांच करने पर उसमें से 596 ग्राम हेरोइन बरामद हुई। इस बरामदगी के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जंडियाला में पिस्तौल और कारतूस के साथ दो आरोपी गिरफ्तार

हथियारों की बरामदगी से जुड़ी एक अन्य कार्रवाई जंडियाला पुलिस ने की। यहां पुलिस ने दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके पास से .32 बोर की एक पिस्तौल, मैगजीन और छह जिंदा कारतूस मिले हैं।

पुलिस ने सभी मामलों में संबंधित थानों में एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किए हैं। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि इनका सीमा पार बैठे तस्करों से कोई संपर्क था या नहीं।

यह भी पढ़ें: पंजाब द्वारा श्री गुरु रविदास जी महाराज का 650वां प्रकाश पर्व श्रद्धा, सम्मान और भव्यता के साथ मनाया जाएगा: CM भगवंत सिंह मान

Amit Kumar

अमित कुमार पिछले 3 सालों से पत्रकारिता के क्षेत्र में काम कर रहे हैं। उन्हें विदेश, बिजनेस, ऑटो, टेक और गैजेट्स से जुड़ी खबरें लिखने का अच्छा अनुभव है। उन्होंने दिल्ली विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ मास कम्युनिकेशन, आईआईएमसी से पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा और उत्तर प्रदेश राजर्षि टंडन विश्वविद्यालय से मास्टर ऑफ मास कम्युनिकेशन की पढ़ाई की है। पत्रकारिता की शुरुआत उन्होंने वेबसाइट पर लिखने से की। इसके बाद इंडिया डेली न्यूज़ चैनल और न्यूज़ इंडिया 24x7 में हिंदी सब-एडिटर के तौर पर काम किया। वर्तमान में वह पंजाब केसरी, दिल्ली में हिंदी सब-एडिटर के पद पर कार्यरत हैं।