उत्तराखंड/ देहरादून: उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में एक युवती का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई है। प्रेमनगर थाना क्षेत्र के जामुनवाला में कूड़े के ढेर के पास युवती का शव बोरे में भरा हुआ मिला। शव को छिपाने के लिए आरोपियों ने उसे सीमेंट के कट्टों और पॉलिथिन के थैलों से ढंक रखा था। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार, युवती की पहचान अभी नहीं हो पाई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। पुलिस को शक है कि युवती की हत्या किसी दूसरी जगह पर की गई और बाद में शव को गाड़ी के जरिए जामुनवाला लाकर फेंक दिया गया।
मीडिया रिपोर्ट के अनुसार, जामुनवाला इलाके में एक व्यक्ति कूड़ा डालने के लिए पहुंचा था। इसी दौरान उसकी नजर कूड़े के ढेर में पड़े एक संदिग्ध बोरे पर गई। जब उसने ध्यान से देखा तो अंदर शव होने का पता चला। इसके बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने पर प्रेमनगर थाना पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आसपास के इलाके को सुरक्षित कर शव को अपने कब्जे में लिया। इसके बाद जरूरी कानूनी कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया।
चेहरे और गले पर मिले चोट के निशान
पुलिस की शुरुआती जांच में युवती के शरीर पर कई जगह चोट के निशान पाए गए हैं। खासतौर पर चेहरे और गले पर गंभीर चोट के निशान होने की बात सामने आई है। शुरुआती तौर पर पुलिस को आशंका है कि युवती की जान किसी धारदार हथियार से गले पर हमला करके ली गई है।
जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने युवती की पहचान छिपाने की कोशिश की। इसके लिए उसके चेहरे को बुरी तरह नुकसान पहुंचाया गया। लेकिन , हत्या के पीछे की असली वजह क्या थी और युवती कौन थी, इसका पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की जांच के बाद ही चल सकेगा।
फोरेंसिक टीम ने जुटाए जरूरी सबूत
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया। टीम ने घटनास्थल से जरूरी नमूने और अन्य सबूत इकट्ठा किए हैं। पुलिस इन सबूतों की मदद से घटना से जुड़ी अहम जानकारियां जुटाने में लगी है।
इसके साथ ही पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है, ताकि पता लगाया जा सके कि घटना से पहले इलाके में किसी संदिग्ध व्यक्ति या वाहन को देखा गया था या नहीं।
CCTV फुटेज से आरोपियों तक पहुंचने की कोशिश
युवती की पहचान और आरोपियों का पता लगाने के लिए पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग खंगाल रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि शव को किस वाहन से यहां लाया गया था और उसे कूड़े के ढेर में किसने फेंका।
फिलहाल पुलिस के सामने सबसे बड़ी चुनौती युवती की पहचान करना है। इसके लिए आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी की शिकायतों की भी जांच की जा सकती है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की पड़ताल कर रही है।
यह भी पढ़ें; कांग्रेस की दोहरी मानसिकता और संविधान के प्रति दोहरे मापदंड देश के सामने उजागर : श्रीकांत शर्मा


Download Android App
Download iOS App




