हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने आज कहा कि राज्य विधानसभा के अगले चुनाव वर्ष 2019 में अपने निर्धारित समय पर ही होंगे तथा समयपूर्व चुनाव कराने का सरकार का कोई इरादा नहीं है। खट्टर ने यहां स्वामी विवेकानंद की 156वीं जयंती के अवसर पर राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय में आयोजित राष्ट्रीय युवा दिवस पर ‘कनैक्ट टू सीएम’ कार्यक्रम के तहत युवाओं से सीधा संवाद करने के उपरांत पत्रकारों के सवालों पर यह बात कही।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह के 15 फरवरी से राज्य के तीन दिन के प्रस्तावित दौरे को लेकर सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि इसका उदेश्य पार्टी संगठन को मजबूत करना तथा पार्टी कार्यक्रमों की समीक्षा करना है। एक अन्य सवाल पर उन्होंने कहा कि भाजपा लोकतंत्र की एक मजबूत पार्टी है। हरियाणा में पार्टी के 30 लाख सदस्य और 30 हजार सक्रिय कार्यकर्ता हैं।
पार्टी को विधानसभा के आगामी चुनावों के लिए मजबूत करना है और वह दावे से कहा सकते हैं कि वर्ष 2019 के चुनावों में भी भाजपा जीतेगी और राज्य में पुन: सरकार बनाएगी। पंचकूला मेडीकल कालेज को लेकर खट्टर ने कहा कि इसके लिये 25 एकड़ जमीन चिन्हित की गई है। हर जिले में एक मेडीकल कालेज हो, इस दिशा में सात जिलों में स्वीकृति प्रदान की गई है और सात और की प्रक्रिया जारी है।
निजी अस्पतालों के महंगे इलाज और लगातार लापरवाही की हो रही घटनाओं पर उन्होंने कहा कि 50 बिस्तरों से अधिक वाले ऐसे अस्पतालों के लिए डूज एंड नॉट टू डूज (क्या करना है और क्या नहीं) पर केंद्र सरकार कानून बना रही है और इसे लागू किया जायेगा।
उन्होंने कहा कि राज्य के नागरिक अस्पतालों में मरीजों को निजी अस्पतालों जैसी सुविधाएं मिले इसके लिये सरकार शीघ्र ही एक बीमा नीति ला रही है। इस अवसर पर पंचकूला के विधायक एवं मुख्य सचेतक ज्ञानचंद गुप्ता, कालका विधायक लतिका शर्मा, उपायुक्त पंचकूला गौरी पराशर जोशी, पुलिस उपायुक्त मनवीर सिंह तथा अन्य गणमान्य उपस्थित थे।
अधिक लेटेस्ट खबरों के लिए यहां क्लिक करें।


Download Android App
Download iOS App



